इलेक्शन

Rajya Sabha Election 2024: राज्यसभा में BJP होगी और मजबूत, 56 सीटों पर होने हैं चुनाव, NDA को होगा कम से कम 6 सीटों का फायदा

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jan 29, 2024, 08:59 PM IST

Rajya Sabha Election 2024: नीतीश कुमार और अजित पवार के एनडीए में आने से बीजेपी को काफी फायदा होने वाला है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को राज्यसभा की 56 सीट पर 27 फरवरी के होने वाले चुनाव के बाद करीब छह सीट का फायदा होने की संभावना है।

Image

राज्यसभा चुनाव में विपक्ष पर भारी पड़ेगी बीजेपी

Photo : PTI

Rajya Sabha Election 2024: देश के 15 राज्यों की 56 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होने हैं। इसकी घोषणा निर्वाचन आयोग ने कर दी है। इस चुनाव में भी बीजेपी नीत गठबंधन एनडीए, विपक्ष पर भारी पड़ता दिख रहा है। कुल मिलाकर बीजेपी इस राज्यसभा चुनाव में और मजबूत होने जा रही है। एनडीए को कम से कम 6 सीटों का फायदा होने वाला है।

कैसे होगा बीजेपी को फायदा

नीतीश कुमार और अजित पवार के एनडीए में आने से बीजेपी को काफी फायदा होने वाला है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को राज्यसभा की 56 सीट पर 27 फरवरी के होने वाले चुनाव के बाद करीब छह सीट का फायदा होने की संभावना है।

हिमाचल से नड्डा की जगह प्रियंका

हिमाचल प्रदेश से वर्तमान में भाजपा प्रमुख जे पी नड्डा राज्यसभा सदस्य हैं। यह सीट अब कांग्रेस के खाते में जाने की संभावना है। क्योंकि कांग्रेस वहां सत्ता में है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, पार्टी का प्रदेश नेतृत्व अपनी महासचिव प्रियंका गांधी को सीट की पेशकश कर सकता है। राज्यसभा में फिर से नामांकन के लिए नड्डा को अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश के बाहर एक सीट की तलाश करनी होगी।

बिहार-महाराष्ट्र का समीकरण

बिहार में जद(यू) के राजग में लौटने के बाद भाजपा-जदयू गठबंधन को दो सीटों का फायदा होने की संभावना है। भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को महाराष्ट्र में बराबर सीट मिलने की संभावना है। बिहार में खाली हुई छह सीट में से दो-दो सीट जद(यू) और राजद के पास और एक-एक कांग्रेस और भाजपा के पास थीं।

महाराष्ट्र में खाली हुई छह सीट में से तीन पर भाजपा का कब्जा था और राकांपा, कांग्रेस और शिवसेना के पास एक-एक सीट थी।

गुजरात में बीजेपी को बढ़त

गुजरात में, कांग्रेस वर्तमान में अपनी दो सीट गंवा देगी। राज्य विधानसभा में अपनी बढ़ी हुई ताकत के साथ भाजपा का अब इन दोनों सीट पर कब्जा होना तय है।

कांग्रेस को कहां फायदा, कहां नुकसान

कांग्रेस को तेलंगाना में दो सीट का फायदा होगा, जहां हाल ही में उसने सरकार बनाई है। गुजरात में दो सीट के अलावा वह बिहार और पश्चिम बंगाल में एक-एक सीट खो सकती है।

कहां कितनी राज्यसभा की सीटें

निर्वाचन आयोग ने सोमवार को 56 सीट पर चुनाव की घोषणा की जिसमें उत्तर प्रदेश से 10, महाराष्ट्र और बिहार से छह-छह, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल से पांच-पांच, कर्नाटक और गुजरात से चार-चार, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और राजस्थान से तीन-तीन और उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और छत्तीसगढ़ से एक-एक सीट शामिल हैं।

राज्यसभी में समीकरण

चुनाव में भाजपा के अपनी 28 सीट को बरकरार रखने की संभावना है। संसद के ऊपरी सदन में राजग की मौजूदा ताकत 114 सदस्यों की है। इनमें भाजपा के 93 सदस्य शामिल हैं। कांग्रेस के पास 30 सीट है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article