इलेक्शन

भ्रष्टाचार को लेकर BJP ने गहलोत सरकार को घेरा, जानें किन घटनाओं ने खड़े किए सवाल

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 11, 2023, 02:49 PM IST

Rajasthan Assembly Election 2023 : भाजपा के नेता मंच से राजस्थान की गहलोत सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चौतरफा घेर रहे हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा है कि भ्रष्टाचार कांग्रेस के लिए हवा पानी की तरह है और इसके बिना इसका काम नहीं चल सकता।

Image

राजस्थान चुनाव के नतीजे 3 दिसंबर को घोषित होंगे।

Photo : PTI

Rajasthan Assembly Election 2023 : जयपुर के गणपति प्लाजा में शुक्रवार को आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। विभाग ने दो लॉकर खोले, जिनमें कुल एक करोड़ सैंतीस लाख रुपये कैश और चार सौ ग्राम सोना बरामद किया गया। कैश गिनने के लिए मशीन का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा कुछ विदेशी नोट भी मिले है। राजस्थान में विधानसभा चुनाव में मतदान का दिन जैसे जैसे करीब आता जा रहा है, वैसे वैसे बीजेपी राज्य की सत्ता में बैठी अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस पार्टी की सरकार पर हमलावर हो रही है।

भ्रष्टाचार को लेकर गहलोत सरकार पर हमलवार है भाजपा

भाजपा के नेता मंच से राजस्थान की गहलोत सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चौतरफा घेर रहे हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा है कि भ्रष्टाचार कांग्रेस के लिए हवा पानी की तरह है और इसके बिना इसका काम नहीं चल सकता लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनने पर छोटी बड़ी हर मछली ही नहीं, बड़े बड़े मगरमच्छ भी छोड़े नहीं जायेंगे।

उससे पहले राजस्थान में हुए पेपर लीक को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने अशोक गहलोत की सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पेपर लीक का रिकॉर्ड बना दिया है। जल जीवन मिशन के नाम पर 20000 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। राजस्थान में सचिवालय में पैसा मिलता है। अशोक गहलोत को लोग जादूगर कहते है। जादूगर ने राजस्थान से सबकुछ गुल कर दिया। यहां तक कि अशोक गहलोत ने जादू करके राज्य में बिजली गुल कर दी। भाजपा द्वारा कांग्रेस की गहलोत सरकार को भ्रष्टाचार के मामले में घेरने पर ये जानना जरूरी है कि आंकड़े क्या कहते हैं।

भ्रष्टाचार के चलते मेयर हुईं सस्पेंड

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने पिछले दिनों जयपुर नगर निगम हेरिटेज मेयर के पति सुशील गुर्जर और उनके दो दलालों को 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जिसके बाद मेयर के घर से 41 लाख की नकदी बरामद होने पर उन्हें भी निलंबित कर दिया गया।

सचिवालय में मिला कैश

कुछ महीने पूर्व योजना भवन में IT डिपार्टमेंट के बेसमेंट में रखी 2 अलमारी खोलीं तो उनमें लेपटॉप बैग और ट्रॉली वाला सूटकेस मिला। उसमें करेंसी नोट थे। यहां से 2 करोड़ 31 लाख 49 हजार की रकम बरामद हुई थी। इतना ही नहीं, इसके साथ में 1 किलो गोल्ड बिस्कुट मिला है। भाजपा ने इस मुद्दे पर गहलोत को घेरा था कि सचिवालय में इतनी रकम कहां से आई।

ट्रांसफर के लिए रिश्वत

कुछ समय पहले प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर ही आरोप लगे थे। राज्य भर के शिक्षकों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से कहा कि उन्हें स्थानांतरण पाने के लिए रिश्वत देनी पड़ी है। जयपुर में राज्य के शिक्षकों के लिए आयोजित एक सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए, गहलोत ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें तबादलों के लिए पैसे देने होंगे और शिक्षकों ने सर्वसम्मति से "हां" में जवाब दिया।

रिश्वतखोरी में PWD के तीन अधिकारी

बीते 6 सितंबर को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर सहित तीन अफसरों को 10 लाख रुपए का लेन देन करते गिरफ्तार किया। एंटी करप्शन ब्यूरो के एडिशनल डीजी हेमन्त प्रियदर्शी ने बताया कि सार्वजनिक निर्माण विभाग जयपुर में तैनात चीफ इंजीनियर (भवन) सुबोध कुमार मलिक, डूंगरपुर के अधिशाषी अभियंता (एक्सईएन) जितेन्द्र कुमार जैन और बांसवाड़ा के सहायक सहायक अभियंता (एईएन) अनंत कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है।

क्या बोले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष

बीजपी की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष सी.पी. जोशी ने शुक्रवार को प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है और भाजपा की सरकार निश्चित रूप से भ्रष्टाचारियों को सजा दिलाने का काम करेगी, चाहे वे किसी भी बिल में छुपे हों। जोशी ने सचिवालय में कथित तौर पर मिले करोड़ों रुपये और सोने के बिस्किट का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘इससे स्पष्ट है कि सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है और भाजपा की सरकार निश्चित रूप से ऐसे भ्रष्टाचारियों को सजा दिलाने का काम करेगी।’’

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article