BJP Rajasthan Manifesto: राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गुरुवार को अपना 'संकल्प पत्र' (घोषणापत्र) जारी कर दिया। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, सतीश पूनिया, अरुण सिंह एवं केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के वादों का घोषणापत्र लोगों के सामने रखा। घोषणा पत्र जारी करने के बाद जेपी नड्डा ने राजस्थान के लिए केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गईं योजनाओं का जिक्र किया और भष्ट्राचार, कानून-व्यवस्था को लेकर गहलोत सरकार पर निशाना साधा।
नड्डा ने कहा कि भाजपा का 'संकल्प पत्र' तीन बातों पर -सबका साथ, गांव-गरीब, महिला, युवा किसानों का सशक्तिकरण और तीसरा बुनियादी संरचना पर केंद्रित है। भाजपा अध्यक्ष ने 'संकल्प पत्र' में किए गए वादों की जानकारी दी।
- एमएसपी के ऊपर बोनस देंगे
- कुर्क मकानों के लिए मुआवाजा नीति बनेगी
- हर जिला में महिला थाना खुलेगा
- हर शहर में एंटी रोमियो स्क्वॉड बनेगा
- लाडो प्रोत्साहन योजना की शुरुआत
- हर नवजात कन्या को 2 लाख का सेविंग बॉन्ड
- 12वीं पास लड़की को स्कूटी
- 6 लाख रूरल वीमेन को ट्रेनिंग
- उज्ज्वला धारकों को 450 रूपये प्रति सिलेंडर सब्सिडी
- मातृ वंदन योजना के तहत 5000 से 8000 रूपये महिलाओं को
- कमजोर वर्ग के छात्रों को 1200 रुपये
- पेपर लीक, भ्रष्टाचार, घोटालों की जांच के लिए SIT
- पेपर लीक के घोटालों को दंड मिलेगा
- राज्य में पर्यटन बढ़ाने के लिए 2000 करोड़ का फंड
- पर्यटन से 5000 युवाओं को रोजगार देने का वादा
- आईआईटी एवं एम्स की तर्ज पर आरआईटी एवं रिम्स
- युवाओं के लिए 2.5 लाख नौकरियों का सृजन
- 800 करोड़ रुपए से रीजनल हेरिटेज सेंटर बनेगा
- मानगढ़ धाम बनेगा आदिवासी डेस्टिनेशन सेंटर
कांग्रेस पर बोला हमला
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा कि वह भाजपा और कांग्रेस के बीच अंतर को स्पष्ट कर देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बीते पांच सालों में कांग्रेस पांच बातों के लिए जानी गई। ये पांच बातें हैं-भ्रष्टाचार, महिलाओं का अपमान, किसानों की अनदेखी। यह ऐसा राज्य हैं जहां बिजली की दर और डीजल एवं पेट्रोल पर वैट सबसे ज्यादा है। यहां के पेपर लीक ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।
