इलेक्शन

Jammu Kashmir Assembly elections: भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट, नौशेरा से रविंदर रैना लड़ेंगे चुनाव

Jammu Kashmir Assembly Elections: भारतीय जनता पार्टी ने जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी है। जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना को नौशेरा से प्रत्याशी बनाया गया है।

Image

भाजपा ने जारी की चौथी सूची।

Photo : BCCL

Jammu Kashmir Assembly Elections: भारतीय जनता पार्टी ने जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने चौथी सूची में छह सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है। पार्टी ने जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना को नौशेरा से प्रत्याशी बनाया है तो लाल चौक से ऐजाज हुसैन को टिकट दिया गया है।

पार्टी ने अपनी चौथी सूची में छह नामों की घोषणा की है। इसमें लाल चौक से ऐजाज हुसैन, ईदगाह से आरिफ राजा, खानसाहिब से अली मोहम्मद मीर, चरार-ए-शरीफ से जाहिद हुसैन, नौशेरा से रविंदर रैना और राजौरी से विबोध गुप्ता को प्रत्याशी बनाया गया है।

कांग्रेस ने भी उतारे उम्मीदवार

इससे पहले कांग्रेस ने भी आज जम्मू-कश्मीर छह सीटों पर उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की थी। इसमें जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) प्रमुख तारिक हमीद कर्रा को सेंट्रल शालटेंग सीट से मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा, पार्टी ने रियासी से मुमताज खान, माता वैष्णो देवी से भूपेन्द्र जामवाल, राजौरी (एसटी) से इफ्तिखार अहमद, थन्नामंडी (एसटी) से शब्बीर अहमद खान और सुरनकोट (एसटी) से मोहम्मद शाहनवाज चौधरी को मैदान में उतारा है। बता दें, नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस ने सीट बंटवारे के फार्मूले को अंतिम रूप दे दिया है और वे क्रमशः 51 और 32 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। माकपा और जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी (जेकेएनपीपी) को एक-एक सीट आवंटित की गई है।

तीन चरणों में होगा चुनाव

चुनाव आयोग ने बीते दिनों जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव का ऐलान किया था। चुनाव तीन चरणों में होंगे। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को मतदान होंगे। वहीं, आठ अक्टूबर को मतों की गिनती होगी।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article