Rajasthan Chunav News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 25 नवंबर को होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को 15 उम्मीदवारों की सूची जारी की जिसमें कुछ नए चेहरे शामिल हैं। सूची में एक विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवार बदल दिया गया है। पांचवीं सूची के साथ पार्टी अब तक 200 में से 198 सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।
विधायक धर्मनारायण जोशी का टिकट कटा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मावली (उदयपुर) से मौजूदा विधायक धर्मनारायण जोशी का टिकट काटकर केजी पालीवाल को मैदान में उतारा है। पार्टी ने दो नवंबर को जारी तीसरी सूची में पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी की पुत्रवधू पूनम कंवर भाटी के नाम की घोषणा की थी। अब रविवार को पांचवीं सूची में पूनम कंवर भाटी की जगह उनके बेटे अंशुमान सिंह भाटी ने ले ली है।
शेरगढ़ से बाबू सिंह राठौड़ को मिला टिकट
हनुमानगढ़ से अमित चौधरी, कोलायत से अंशुमान सिंह भाटी, सिविल लाइंस से गोपाल शर्मा, किशनपोल से चंद्रमोहन बटवाड़ा, आदर्श नगर से रवि नैय्यर, भरतपुर से विजय बंसल, सरदारशहर से पूर्व विधायक राजकुमार रिणवा, कोटा उत्तर से प्रह्लाद गुंजल और शेरगढ़ से बाबू सिंह राठौड़ को टिकट दिया गया है। शाहपुरा, राजाखेड़ा, मसूदा, पीपल्दा और बारां-अटरू सीट के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की गई। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख छह नवंबर है।
कांग्रेस ने 22 और उम्मीदवार किए घोषित
इससे पहले शनिवार को कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए 22 उम्मीदवारों की छठी सूची जारी की थी, जिसमें सबसे प्रमुख नाम आर आर तिवाड़ी का है, जिन्हें राज्य के कैबिनेट मंत्री महेश जोशी के स्थान पर हवा महल विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया। पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, जयपुर की हवा महल विधानसभा सीट से तिवाड़ी को टिकट दिया गया है। वह पार्टी की जयपुर शहर इकाई के अध्यक्ष हैं। महेश जोशी इस सीट से मौजूदा विधायक हैं।
मंत्री शांति धारीवाल के टिकट को लेकर संशय
कांग्रेस उम्मीदवारों की छठी सूची में कैबिनेट मंत्री शांति धारीवाल का नाम भी नहीं है। उनके टिकट को लेकर भी संशय की स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी माने जाने वाले धारीवाल और जोशी वे दो प्रमुख नेता हैं, जिन्हें 2022 में कांग्रेस विधायक दल की बैठक से अलग एक समानांतर बैठक बुलाने का जिम्मेदार माना जाता है। कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने इसे अनुशासनहीनता बताया था। कांग्रेस उम्मीदवारों की छठी सूची में युवा कांग्रेस के नेता अभिमन्यु पूनिया का नाम शामिल है, जिन्हें संगरिया विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, जोधपुर की सूरसागर विधानसभा सीट से शहजाद खान छंगनी को टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने भरतपुर विधानसभा सीट राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के लिए छोड़ दी है। पार्टी राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए अब तक कुल 178 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। राज्य की 200 सदस्यीय विधानसभा के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती तीन दिसंबर को की जाएगी।
