Telangana Elections 2023: तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को संकल्प पत्र जारी कर दिया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि यह घोषणापत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के बारे में हैं। कांग्रेस ने कभी भी लोगों की जरूरतों का सम्मान नहीं किया है।
अमित शाह ने इस मौके पर कहा कि हमने जो वादा किया है वो पूरा किया है। हम हमेशा अपने वादों पर खरे उतरे हैं। इस दौरान उन्होंने पूर्ण बहुमत मिलने का भी दावा किया। शाह ने इस दौरान कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने कभी भी अलग राज्य का समर्थन नहीं किया था और जब विभाजन किया गया तो अप्राकृतिक तरीके से तेलंगाना को अलग कर दिया। इस दौरान उन्होंने धर्म आधारित आरक्षण को खत्म करने का भी वादा किया।
घोषणा पत्र में किए ये वादे
भारत जनता पार्टी ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए अपने संकल्प पत्र में कई वादे किए हैं। भाजपा का कहना है कि सत्ता में आने पर भाजपा इच्छुक किसानों को नि:शुल्क देसी गाय देगी, इसके साथ ही महिलाओं के लिए 10 लाख नौकरियों का वादा भी इसमें किया गया है। पार्टी ने राज्य में सरकार बनाने पर आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की वार्षिक स्वास्थ्य जांच, उज्जवला योजना के लाभार्थियों को सालाना 4 गैस सिलेंडर मुफ्त, केंद्री खाद पर सब्सिडी के अलावा 2500 की सहायता, नए राशन कार्ड, 10 लाख तक का मुफ्त इलाज, धान के लिए 3100 रुपये एमएसपी का भी वादा किया।
30 नवंबर को होगी वोटिंग
तेलंगाना की सभी विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 30 नवंबर को मतदान होना है। मतमणना 3 दिसंबर को कराई जाएगी। इसी दिन अन्य राज्यों राजस्थान, छत्तीसगढ़, मिजोरम, मध्य प्रदेश के भी चुनाव परिणाम जारी होंगे। जहां तक तेलंगाना की बात है तो यहां बीआरएस पार्टी सत्ता में है, लेकिन उसे भाजपा और कांग्रेस से कड़ी टक्कर मिल रही है। दोनों पार्टियां यहां सरकार बनाने के लिए एड़ी से चोटी तक का जोर लगा रही हैं। 2018 के चुनाव परिणाम को देखें तो बीआरएस को 88, कांग्रेस को 19 और एआईएमआईएम को सात और भाजपा को 1 सीट मिली थी।
