इलेक्शन

'BJP चुनावों के दौरान बम लगाने और NIA से जांच कराने की बना रही योजना', ममता बनर्जी के बयान से मचा हड़कंप

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कूचबिहार में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

Image

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फोटो साभार: @AITCofficial)

Photo : Twitter

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल में जैसे-जैसे मतदान की तारीख पास आ रही है, राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज होता हुआ दिखाई दे रहा है। इस बीच, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कूचबिहार में एक रैली को संबोधित करते हुए मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल चुनावों के दौरान बम लगाने और जांच के लिए एनआईए को बुलाने की योजना बना रही है।

ममता बनर्जी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं के आरक्षण और परिसीमन को जोड़कर भारत को बांटने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, ''महिला आरक्षण व परिसीमन से संबंधित विधेयकों को जोड़ना मतदाताओं के नाम हटाने और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (NRC) लागू करने की साजिश है।''

क्या ममता बनर्जी के कार की हुई तलाशी?

इससे पहले, ममता बनर्जी ने दावा किया था कि जब वह दिन में कोलकाता हवाई अड्डा जा रही थीं, तभी केंद्रीय बलों ने उनकी कार की तलाशी लेने की कोशिश की। ममता बनर्जी ने बुधवार को उत्तर दिनाजपुर जिले में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्रियों पर चुनाव वाले राज्य में 'पैसा लाने' और 'अपने पदों का दुरुपयोग करने' का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कहा था, ''जब मैं आज कोलकाता हवाई अड्डा जा रही थी तो केंद्रीय बलों ने मेरी कार की तलाशी लेने की कोशिश की। अगर आपमें हिम्मत है, तो आप हर दिन मेरी कार की जांच करें।''

तृणमूल कांग्रेस ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि केवल उसके नेताओं, विशेष रूप से अभिषेक बनर्जी के वाहन की निर्वाचन आयोग के निर्देशों के आधार पर, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए तैनात सुरक्षा कर्मियों द्वारा 'सघन तलाशी' के लिए चुना गया है। सनद रहे कि पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होना है, जबकि मतगणना चार मई को होगी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article