इलेक्शन

केजरीवाल को हराने के बाद पैतृक गांव मुंडका पहुंचे प्रवेश वर्मा, बोले 'दिल्ली को सुंदर शहर बनाएंगे'

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में नई दिल्ली सीट से आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को 4089 वोट से मात देकर जीत हासिल करने के बाद बीजेपी के प्रवेश वर्मा अपने पैतृक गांव मुंडका पहुंचे। अपने पिता डॉ. साहिब सिंह वर्मा की समाधि पर पहुंचकर उन्हें नमन किया। प्रवेश वर्मा ने दिल्ली की जनता के साथ अपने गांव के लोगों के लिए भी आभार प्रकट किया।

Image

केजरीवाल को हराने के बाद पैतृक गांव मुंडका पहुंचे प्रवेश वर्मा

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना 8 फरवरी 2025 को हुई। जिसमें नई दिल्ली विधानसभा सीट पर आप के अरविंद केजरीवाल और बीजेपी प्रवेश साहिब सिंह वर्मा के बीच कांटे की टक्कर थी। नई दिल्ली विधानसभा सीट पर 4089 वोट से केजरीवाल को हराते हुए प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने जीत हासिल की। नई दिल्ली विधानसभा सीट से जीत के बाद भाजपा नेता प्रवेश वर्मा रविवार, 9 फरवरी यानी आज अपने पैतृक गांव मुंडका पहुंचे। यहां उन्होंने भैरव मंदिर में मत्था टेका और बाद में घेवरा स्थित साहिब सिंह वर्मा की समाधि पर गए।

नेता डॉ. साहिब सिंह के अधूरे सपने को पूरा किया जाएगा

भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, "भारतीय जनता पार्टी और हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी सौंपी थी। हम यहां से जीते हैं। मैं दिल्ली के सभी मतदाताओं का धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने भाजपा के समर्थन में अपना मत दिया। मेरे प्रति मेरे गांव के लोगों का असीम प्रेम रहा है। इस चुनाव में भी गांव के लोगों ने काफी मेहनत की है। मैं यह कहना चाहता हूं कि भाजपा सरकार दिल्ली देहात के लिए अच्छा काम करेगी। सारी कॉलोनियों के लिए जो भी काम रुके हुए हैं, वह पूरे किए जाएंगे। हमारे नेता डॉ. साहिब सिंह के अधूरे सपने को पूरा किया जाएगा। पीएम मोदी के विजन को आगे बढ़ाएंगे। बहुत सारे काम करने हैं। कुछ चुनौतियां भी सामने आएंगी। लेकिन, मेरे गांव के लोगों के प्रेम और स्नेह से इसे भी पूरा करेंगे।"

पिता को किया नमन और मां से लिया आशीर्वाद

प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को मात दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। नई दिल्ली विधानसभा चुनाव में विजय के उपरांत पूज्यनीय पिताजी स्वर्गीय डॉ. साहिब सिंह को याद कर उन्हें नमन किया और पूज्यनीय माताजी से नई दिल्ली के देवतुल्य परिवारजनों द्वारा दी गई जिम्मेदारी पर खरा उतरने की शक्ति का अमूल्य आशीर्वाद प्राप्त किया। परिवार के सभी सदस्यों के साथ यह पल मेरे जीवन का सबसे प्रेरणादायक क्षण है। प्रवेश वर्मा ने दिल्ली को सुंदर गांव बनाने की बात भी कही है।

दिल्ली के विश्वास की हुई जीत

दूसरे पोस्ट में प्रवेश वर्मा ने लिखा, "अंधेरा छट गया, सूरज निकल गया, कमल खिल गया। दिल्ली ने विकास चुना है। ये जीत दिल्ली के विश्वास की है। ये जीत दिल्ली के भविष्य की है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व और भारतीय जनता पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता की मेहनत और दिल्ली की जनता के विश्वास का आभारी हूं।

(इनपुट - IANS)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article