इलेक्शन

'झारखंड में रोटी, बेटी और माटी की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है BJP'; पीएम मोदी ने घोषणा पत्र के लिए कही ये बड़ी बातें

Jharkhand Chunav: पीएम मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घोषणा पत्र को लेकर ये कहा है कि भाजपा झारखंड में रोटी, बेटी और माटी की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी ने अपने घोषणा पत्र को संकल्प पत्र का नाम दिया है। प्रधानमंत्री ने मेनिफेस्टो को लेकर क्या कुछ कहा, आपको इस रिपोर्ट में बताते हैं।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

PM Modi on BJP's Manifesto: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को जारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घोषणा पत्र को आदिवासी समाज के विकास और युवाओं को रोजगार के लिए प्रतिबद्ध तथा महिलाओं को सशक्त बनाने वाला बताया और कहा कि उनकी पार्टी राज्य में रोटी, बेटी और माटी की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

BJP ने अपने घोषणा पत्र में क्या कुछ वादा किया?

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी के अन्य नेताओं की मौजूदगी में रांची में भाजपा का घोषणा पत्र जारी किया। पार्टी ने अपने घोषणा पत्र को संकल्प पत्र का नाम दिया है। भाजपा के इस घोषणा पत्र का एक मुख्य फोकस राज्य में घुसपैठ का मुद्दा है। भाजपा ने वादा किया है कि वह सत्ता में आने पर राज्य में घुसपैठियों द्वारा कब्जाई जमीन को वापस करने के लिए कानून बनाएगी। इसके अलावा पार्टी ने 2.8 लाख सरकारी नौकरी और महिलाओं को हर माह 2,100 देने का ऐलान किया है।

'रोटी, बेटी और माटी की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध'

भाजपा ने इसके अलावा युवाओं को प्रोत्साहन राशि देने समेत कई वादे किए हैं। मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "आज हम एक नई उम्मीद के साथ झारखंड की जनता-जनार्दन के बीच हैं। हमारा संकल्प-पत्र आदिवासी भाई-बहनों के सम्मान के साथ-साथ विकास, युवाओं को रोजगार और राज्य की नारीशक्ति को सशक्त बनाने वाला है।" उन्होंने कहा, "हम यहां की रोटी, बेटी और माटी की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

भाजपा झारखंड में रोटी, बेटी और माटी के मुद्दे को जोर-शोर से उठा रही है। इसके माध्यम से वह आदिवासी अस्मिता का सवाल उठाकर बांग्लादेशी घुसपैठियों द्वारा आदिवासी महिलाओं का कथित उत्पीड़न, धर्मांतरण, जमीन पर कब्जा और धोखा देकर विवाह करने तथा इसके परिणामस्वरूप आदिवासियों की संख्या में लगातार कमी आने का मुद्दा उठा रही है।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article