भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी के पूर्व महासचिव राम माधव और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को तत्काल प्रभाव से आगामी जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने माधव और रेड्डी को जम्मू-कश्मीर के चुनाव प्रभारी के रूप में नियुक्त किया है । इसमें कहा गया है कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
राम माधव की भूमिका अहम
राम माधव ने कुछ वर्ष पहले जम्मू कश्मीर में भाजपा और पीडीपी को एक साथ लाकर गठबंधन सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पहले से ही राज्य में चुनाव प्रभारी के तौर पर कार्य कर रहे केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी भी जम्मू कश्मीर के चुनाव प्रभारी के तौर पर कार्य करते रहेंगे। जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव की घोषणा होने से पहले 17 जून को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को जम्मू कश्मीर का प्रदेश चुनाव प्रभारी नियुक्त किया था।
जम्मू-कश्मीर में तीन चरणों मतदान
जम्मू-कश्मीर विधानसभा के लिए तीन चरण में चुनाव होंगे। 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे जबकि नतीजे चार अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। इस पूर्ववर्ती राज्य में अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को निरस्त किए जाने के बाद लगभग एक दशक बाद पहली बार विधानसभा चुनाव हो रहे हैं।
जम्मू कश्मीर में कब मतदान
जम्मू-कश्मीर में पहले चरण में 24 सीटों पर जबकि दूसरे और तीसरे चरण में क्रमशः 26 और 40 सीटों पर मतदान होगा। जम्मू-कश्मीर में पिछला विधानसभा चुनाव 2014 के नवंबर-दिसंबर में पांच चरणों में हुआ था। तब यह एक राज्य था और लद्दाख इसका हिस्सा था।
