इलेक्शन

BJP ने हरियाणा में खत्म किया भ्रष्टाचार, दलाली और घूसखोरी का सिस्टम; बोले CM धामी

Haryana Chunav: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का सिलसिला थम गया है। इस बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फरीदाबाद से भाजपा प्रत्याशी धनेश अदलखा के लिए जनसभा की। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में भाजपा ने भ्रष्टाचार, दलाली और घूसखोरी का सिस्टम खत्म किया।

Image

हरियाणा में उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी।

CM Dhami in Haryana: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरियाणा के फरीदाबाद में भाजपा प्रत्याशी धनेश अदलखा के पक्ष में आयोजित जनसभा में प्रतिभाग किया। उन्होंने जनता से आगामी 05 अक्टूबर को भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। जनसभा के बाद स्थानीय लोगों और भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सीएम धामी की गाड़ी पर बुल्डोजर से पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन भी किया।

'भाजपा ने हरियाणा में नए कीर्तिमान स्थापित किए'

मुख्यमंत्री धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने हरियाणा में नए कीर्तिमान स्थापित किए है। पूरे हरियाणा में 40 राजमार्गों का निर्माण किया गया है। पहले रेलवे हरियाणा रेलवे का जो बजट मात्र ₹300 करोड़ होता था, उसे बढ़ाकर ₹3000 करोड़ कर दिया गया है। ₹1530 करोड़ की लागत से पूर्वी फरीदाबाद को पश्चिमी फरीदाबाद से जोड़ने वाली दो परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। ₹262 करोड़ की लागत से फरीदाबाद रेलवे स्टेशन का पुर्नविकास किया जा रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में हरियाणा में 1.19 करोड़ लोगों के आयुष्मान कार्ड और झज्जर में कैंसर संस्थान बनाया गया है।फरीदाबाद को भी मेडिकल कॉलेज की सौगात मिली है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार हरियाणा में लोगों को जीवन बेहतर बना रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा की धरती से शुरू हुए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के सुखद परिणाम सामने आ रहे है। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से हरियाणा में लिंगानुपात एक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।

'प्रतिभावान बेटे-बेटियों को नहीं मिल पाती थी नौकरी'

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांग्रेस और उसकी समर्थक पार्टियां हरियाणा को फिर से भ्रष्टाचार, जातिवाद और परिवारवाद के दलदल में धकेलना चाहती है। पहले कांग्रेस के पर्ची-खर्ची सिस्टम के कारण गरीब मां-बाप के प्रतिभावान बेटे बेटियों को नौकरी नहीं मिल पाती थी। खुलेआम भ्रष्टाचार, दलाली और घूसखोरी का खेल चलता था, जिसे भाजपा ने खत्म करने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में गरीबों की जमीन छीन कर उद्योगपतियों को कौड़ियों के भाव बेच दी जाती थी और दलितों, महिलाओं पर अत्याचार होते थे। हरियाणा में गुंडाराज हावी थी, जिसे भाजपा ने समाप्त करने का काम किया है। अब हरियाणा के अंदर पारदर्शिता की सरकार है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जिस-जिस राज्य में कांग्रेस की सरकार है वहां का खजाना पूरी तरह से खाली हो गया है। हिमाचल प्रदेश में सरकार के पास कर्मचारियों की तनख्वाह देने तक के पैसे नहीं बचे है।

आम आदमी पार्टी को सीएम धामी ने जमकर सुनाई खरी-खोटी

उन्होंने आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि ये पार्टियां बस वोट काटने के लिए खड़ी है। दिल्ली में इस पार्टी ने भ्रष्टाचार और ड्रामेबाजी के सिवाए कुछ नहीं किया। आप के मुखिया और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल दिल्ली में प्रदूषण के लिए हरियाणा को दोष देते हैं। उन्होंने कि जनता को इन बहकावे में आने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा इस चुनाव में हरियाणा की जनता अपने वोट की ताकत से देश विरोधी भ्रष्टाचारी और परिवारवाद वाली कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को हरियाणा से उखाड़ फेंकने का काम करेगी। इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी धनेश अदलखा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार बोरा, पूर्व विधायक, विमला, गोपाल उनियाल, सुमन, हरेंद्र भडाना आदि मौजूद रहे।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article