इलेक्शन

26/11 हमले में लोगों की जान बचाने वाले बीजेपी उम्मीदवार तमिल सेल्वन एक बार फिर चुनावी मैदान में

सेल्वन को अपनी सेवा और क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों पर पूरा भरोसा है, और वे इस बार रिकॉर्ड अंतर से जीतने का दावा कर रहे हैं।

Image

बीजेपी उम्मीदवार तमिल सेल्वन एक बार फिर चुनावी मैदान में

महाराष्ट्र चुनाव में अब कुछ ही दिन बचे हैं और सायन कोलीवाड़ा से बीजेपी उम्मीदवार तमिल सेल्वन के एंटॉप हिल कार्यालय में पार्टी समर्थकों का जमावड़ा लगा हुआ है। तमिलनाडु से महाराष्ट्र में इकलौते तमिल विधायक सेल्वन को इस बार अपने 2019 के चुनावी प्रदर्शन से कहीं बेहतर जीत का भरोसा है।

2019 में मिली थी जीत

2019 में उन्होंने करीब 14,000 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। और इस बार वो अब अपनी जीत की हैट्रिक की ओर बढ़ रहे हैं और इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार गणेश यादव से है, जिन्हें उन्होंने पिछले चुनाव में भी हराया था। सेल्वन कहते हैं, "मुझे अपने क्षेत्र में किए गए काम पर पूरा विश्वास है। मैंने स्वास्थ्य सेवाओं, पानी माफिया और झुग्गी पुनर्विकास की समस्याओं को सुलझाया है। मुझे यकीन है कि इस बार जीत का अंतर 30 हजार से ज्यादा मतों का होगा।"

26/11 आतंकी हमले में दिखाई थी बहादुरी

तमिल सेल्वन 26/11 के भयावह आतंकी हमलों के दौरान असाधारण साहस का परिचय दे चुके हैं। उस समय वे रेलवे फॉरवर्ड एजेंसी के मालिक थे। हमले के दौरान उन्होंने अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर 30 से अधिक लोगों की जान बचाई और घायल लोगों को सेंट जॉर्ज अस्पताल पहुंचाया।सेल्वन ने उस खौफनाक दिन को याद करते हुए कहा, "मैं रेलवे फॉरवर्ड एजेंसी का संचालन करता था। अचानक पटाखों जैसी आवाज सुनाई दीं। मैंने कसाब को गोली चलाते देखा। पहली प्रतिक्रिया तो भागने की थी, लेकिन फिर मेरा मन घायल लोगों की मदद के लिए बढ़ा। हमने फर्श पर घायल पड़े लोगों को देखा और हिम्मत जुटाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया।"

चुनावी मुद्दों पर बोले सेल्वन

अपने चुनाव प्रचार की ओर रुख करते हुए, सेल्वन ने बताया कि कैसे उन्होंने सायन-कोलीवाड़ा की झुग्गियों में पानी माफिया पर नकेल कसी। उन्होंने कहा, "पानी माफिया मेरे क्षेत्र में बड़ी समस्या थी। लोग पानी के लिए भी माफिया को पैसे देते थे। मैंने इसके खिलाफ लड़ाई लड़ी, जिससे 40 हजार लोगों को फायदा हुआ। सायन अस्पताल और उसके पास बनने वाले 3000 बेड के नए अस्पताल का मुद्दा मेरे दिल के करीब है। इससे न केवल सायन बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा।"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article