Bhadohi BJP Candidate Vinod Kumar Bind Election News: आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक और मौजूदा सांसद का टिकट काट दिया है। पार्टी की ओर से गुरुवार को जारी हुई 11वीं लिस्ट में भदोही से प्रत्याशी का ऐलान किया गया। यहां से वर्तमान सांसद रमेश बिंद का टिकट काटकर उनके स्थान पर मिर्जापुर के मझवां से निषाद पार्टी के विधायक विनोद कुमार बिंद को अपना उम्मीदवार घोषित किया गया है।
भदोही से बीजेपी प्रत्याशी विनोद कुमार बिंद
बता दें, उत्तर प्रदेश में निषाद पार्टी का भाजपा के साथ गठबंधन है। साल 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में विनोद कुमार बिंद ने मझवां से निषाद पार्टी के टिकट पर जीत हासिल की थी। गठबंधन के तहत वह इस बार भाजपा के चुनाव चिह्न पर भदोही से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। वहीं, इंडिया गठबंधन में भदोही सीट सपा ने तृणमूल कांग्रेस को दी है। यहां से विपक्ष के प्रत्याशी ललितेश पति त्रिपाठी चुनाव लड़ रहे हैं।
2019 में रंगनाथ मिश्रा को हराकर सांसद बने थे रमेश चंद
बता दें, भदोही से मौजूदा सांसद रमेश चंद बिंद ने 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा प्रत्याशी रंगनाथ मिश्रा को हराया था। हालांकि, लोकसभा क्षेत्र में उनके खिलाफ एंडी इनकंबेसी को देखते 2024 में बीजेपी ने उनके टिकट का रिपीट नहीं किया है। उनकी जगह निषाद पार्टी के विनोद बिंद पर दांव खेला गया है, वह वर्तमान में मझवां विधानसभा सीट से विधायक हैं। बता दें, इससे पहले भाजपा संतकबीर नगर सीट पर निषाद पार्टी के प्रवीण निषाद को प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।
कल भी काटे थे तीन सांसदों के टिकट
बता दें, बीजेपी ने 10 अप्रैल को यूपी की सात सीटों पर उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। इसमें इलाहाबाद, गाजीपुर, फूलपुर, मैनपुरी, कौशाम्बी, बलिया और मछलीशहर से प्रत्याशियों का ऐलान किया गया था। पार्टी ने इलाहाबाद से रीता बहुगुणा जोशी का टिकट काटकर नीरज त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, गाजीपुर से पारस नाथ राय, फूलपुर से प्रवीण कुमार पटेल, मैनपुरी से जयवीर सिंह ठाकुर, कौशाम्बी से विनोदी सोनकर, बलिया से नीरज शेखर और मछलीशहर से बीपी सरोज को प्रत्याशी बनाया है।
