इलेक्शन

बिहार चुनाव : लालू परिवार सहित इन हस्तियों ने डाला वोट, मतदान केंद्रों पर उमड़े मतदाता

जद-यू के नेता ललन सिंह ने पटना में, बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय में, मंत्री नितीन नबीन ने दीघा के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। मोकामा में पूर्व सांसद सूरजभान सिंह ने मतदान किया। मोकामा सीट से उनकी पत्नी रेणू देवी राजद उम्मीदवार हैं।

Image

बिहार विधानसभा चुनाव 2025। तस्वीर-ANI

Photo : ANI

Bihar Assembly Election 2025 : बिहार में विधानसभा के पहले चरण की वोटिंग हो रही है। मतदान केंद्रों पर वोटिंग की शुरुआत सुबह सात बजे हुई। पहले चरण में विधानसभा की 121 सीटों पर मतदान हो रहा है। इस चरण में कई नामी-गिरामी चेहरे और दिग्गज हस्तियां चुनाव मैदान में हैं जिनकी राजनीतिक किस्मत का फैसला मतदाता करेंगे। गुरुवार को मतदान शुरू होते बड़ी हस्तियां अपना वोट डालने मतदान केंद्रों पर पहुंची। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीम लालू प्रसाद यादव अपने परिवार के साथ पटना के एक मतदान केंद्र पहुंचे। लालू के साथ महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी और रोहिणी आचार्य ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

जद-यू के नेता ललन सिंह ने पटना में, बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय में, मंत्री नितीन नबीन ने दीघा के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। मोकामा में पूर्व सांसद सूरजभान सिंह ने मतदान किया। मोकामा सीट से उनकी पत्नी रेणू देवी राजद उम्मीदवार हैं।

अलीनगर से भाजपा उम्मीदवार और गायिका मैथिली ठाकुर ने कहा, 'मैं हर दिन प्रार्थना से दिन की शुरुआत करती हूं। मैं हर दिन नई चीजें सीख रही हूं। मैं यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही हूं कि किसी मतदाता को कोई परेशानी न हो। मैं पूरी तरह तैयार हूं।'

सहानुभूति की राजनीति कर रहे राहुल-तेजस्वी-सिन्हा

बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय सीट से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने मतदान करने के बाद कहा, 'हम भी लोकतंत्र के इस महापर्व में शामिल हुए। हम अपने मत के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री और बिहार के मुख्यमंत्री का चुनाव करते हैं... बिहारी गर्व महसूस करेंगे, और आज बिहार उन लोगों से मुक्त होगा जो बिहारियों का अपमान करते हैं, अराजकता, जंगलराज और गुंडाराज लाते हैं। हमारे नेता प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री सभी ने कहा है कि जब हम जनविश्वास के इस महापर्व को मना रहे हैं, तो सबको सामाजिक सौहार्द के साथ लोकतंत्र के इस उत्सव में भाग लेना चाहिए... राहुल गांधी और तेजस्वी यादव दोनों ही सहानुभूति की राजनीति कर रहे हैं। उनकी अपनी कोई पहचान नहीं है। वे अपने माता-पिता और परिवार की उपलब्धियों पर राजनीति कर रहे हैं।'

बिहार में ‘विकास’ का मॉडल है-ललन सिंह

बिहार में सरकार गठन के लिए मतदान के बीच, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा, 'नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में ‘विकास’ का मॉडल है, जो सड़कों, स्वास्थ्य, शिक्षा और बेरोजगारी में सुधार पर केंद्रित है। वहीं महागठबंधन का मॉडल ‘जंगलराज’ है, जिसमें लोग शाम 7 बजे के बाद घर से निकलने से डरते थे। आज बिहार की जनता शांति से जीवन जी रही है।'

'14 नवंबर को नई सरकार बनने वाली है'

राजद नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने पटना के एक मतदान केंद्र पर मतदान करने के बाद अपनी स्याही लगी उंगली दिखाते हुए कहा, 'बदलाव कीजिए, नया बिहार बनाइए, नई सरकार बनाइए।' उन्होंने आगे कहा, '14 नवंबर को नई सरकार बनने वाली है।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article