Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरणी की वोटिंग के लिए नामांकन का समय खत्म हो चुका है। हालांकि, महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान जारी है। शुक्रवार को VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने ऐलान किया कि वो चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसी बीच कद्दावर समाजवादी नेता रहे शरद यादव के बेटे ने लालू-तेजस्वी पर हमला बोला है।
समाजवादी नेता रहे शरद यादव के बेटे शांतनु यादव ने लालू-तेजस्वी पर हमला बोला है।(फोटो सोर्स: शांतनु यादव एक्स हैंडल)
आरजेडी ने की वादाखिलाफी: शांतनु यादव
पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के बेटे शांतनु यादव ने आरजेडी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। शांतनु ने कहा कि उनके पिता ने जननायक जनता दल का राजद में विलय कर दिया था, लेकिन अब वादे के बावजूद टिकट किसी और को दे दिया गया।
उन्होंने कहा, 'हम राजनीति में झाल बजाने नहीं आए हैं, पिता की विरासत को आगे बढ़ाएंगे।' शांतनु ने कहा कि उनके पिता ने राजद में अपनी पार्टी का विलय इस भरोसे पर किया था कि उन्हें मधेपुरा लोकसभा सीट से मौका दिया जाएगा, लेकिन वादे के बावजूद उन्हें टिकट नहीं दिया गया।
'लोकसभा चुनाव में भी टिकट देना का तेजस्वी ने किया था वादा'
उन्होंने आगे कहा कि मेरे पिता ने राजद (आरजेडी) में अपनी पार्टी मर्ज की थी। उस समय वादा किया गया था कि मुझे मधेपुरा से लोकसभा चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा, लेकिन बाद में लालू जी और तेजस्वी जी ने कहा कि आप विधानसभा चुनाव लड़िए। हमने उन्हें अभिभावक मानते हुए सहमति दे दी। अब आखिरी वक्त में टिकट किसी और को दे दिया गया।'
शांतनु यादव के इस बयान पर कांग्रेस नेता और उनकी बहन सुभाषिनी शरद यादव ने टिप्पणी की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'जो अपने खून के नहीं हुए, वो दूसरों के क्या सगे होंगे। जो अपने ही परिवार के वफादार नहीं, वो किसी और के लिए कैसे भरोसेमंद हो सकते हैं? ये विश्वासघात की पराकाष्ठा और उनकी असहजता का उत्कृष्ट उदाहरण है। जो षड्यंत्र इन्होंने रचा है, अब वही षड्यंत्र इनके खिलाफ जनता रचेगी।' हालांकि इसमें उन्होंने किसी नेता का नाम नहीं लिया।
