राजद नेता और लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव मंगलवार से बिहार अधिकार यात्रा पर निकले हैं। इस यात्रा के दौरान तेजस्वी यादव ने टाइम्स नाउ नवभारत के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की, जिसमें राजद नेता ने कहा कि वोटर अधिकार यात्रा के दौरान हमलोगों ने 20 से 25 जिले कवर किए थे, जो जिले छूट गए थे, वहां से मांग थी कि यहां पर आना चाहिए। इसी को देखते हुए जो बाकी के जिले हैं, वहां भी राजद बिहार अधिकार यात्रा के जरिए पहुंच रही है।
बिहार अधिकार यात्रा पर निकले तेजस्वी यादव (फोटो- @yadavtejashwi)
ये भी पढ़ें- किसी भी अवैधता की स्थिति में SIR को रद्द कर दिया जाएगा- चुनाव आयोग को सुप्रीम कोर्ट की चेतावनी
बिहार अंतिम पायदान पर खड़ा- तेजस्वी
टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में लोग भ्रष्टाचार से परेशान हैं, अपराध बढ़ रहा है, बेरोजगारी बिहार में सबसे बड़ा मुद्दा है। बिहार में न कारखाने हैं न स्वास्थ्य की व्यवस्था है। नीति आयोग की रिपोर्ट में ये सारे आंकड़े मौजूद हैं। आज हाल ये है कि बिहार सबसे अंतिम पायदान पर खड़ा है। तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि ये हाल तब है जब बिहार में एनडीए की 20 साल से सरकार हैं, 11 साल से केंद्र में भी सरकार है। लेकिन बिहार को क्या मिला, न चीनी मिल, न कारखाना, न कोई उद्योग, न कोई निवेश। देश में अगर प्रति व्यक्ति आय को देखा जाए तो यह बिहार में सबसे कम है। इसलिए लोग गुस्से में हैं, लोग बदलाव चाह रहे हैं। लोग थक चुके हैं मौजूदा खटारा सरकार से।
SIR और घुसपैठिए पर क्या बोले तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने आगे चुनाव आयोग की ओर से जारी SIR की प्रक्रिया पर कहा कि वो SIR के विरोधी नहीं है, लेकिन प्रक्रिया जिस तरीके से हो रही है, वो गलत है। पीएम मोदी के घुसपैठिये वाले बयान पर तेजस्वी यादव ने पलटवार करते हुए सवाल पूछा कि केंद्र में 11 साल से मोदी जी की सरकार है, बिहार में 20 साल से एनडीए की सरकार है तो फिर घुसपैठिया लाया कौन? क्या कार्रवाई हुई इतने सालों में। झारखंड में चुनाव था तो वहां घुसपैठिए थे, चुनाव खत्म हो गया तो वहां घुसपैठिए खत्म हो गए। जहां चुनाव है वहां घुसपैठिए आ गए। तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव आयोग ने खुद माना है कि कोई घुसपैठिया नहीं है। तो ये सूचना पीएम मोदी के पास कहां से आ गई? अगर बिहार में घुसपैठिए हैं तो जिम्मेदार मोदी सरकार है, गृहमंत्री जिम्मेदार है, नीतीश सरकार जिम्मेदार है।
