Bihar Election Result: बिहार विधानसभा चुनाव में एक तरफ जहां एनडीए के 202 उम्मीदवारों ने बाजी मार ली। वहीं, महागठबंधन सिर्फ 34 सीटों पर सिमट गई। पिछले तीन सालों से बिहार के अलग-अलग जिलों का दौरा करने वाले प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी का खाता भी नहीं खुला, लेकिन हैरानी वाली बात ये है कि इस चुनाव में मायावती की पार्टी बहुजन समाज पार्टी के एक उम्मीदवार ने बाजी मार ली।
बिहार चुनाव में बीएसपी उम्मीदवार ने सिर्फ 30 वोटों से जीता चुनाव।(फोटो सोर्स: PTI)
रामगढ़ से बसपा प्रत्याशी की हुई जीत
बीएसपी प्रत्याशी सतीश कुमार यादव ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार अशोक कुमार सिंह को हरा दिया। गौरतलब है कि उनकी जीत का अंतर महज 30 वोटों का है। इस चुनाव में सतीश कुमार यादव को कुल 72,689 वोट मिले। रामगढ़ सीट पर 11 नवंबर को मतदान हुआ था। इस बार बीजेपी ने अशोक कुमार सिंह, आरजेडी ने अजीत सिंह और बीएसपी ने सतीश कुमार यादव को चुनाव मैदान में उतारा था।
किस पार्टी को मिली कितनी सीटें?
बता दें कि कुल 243 सीटों में से बीजेपी को 89, जेडीयू को 85, एलजेपी (आरवी) को 19, हम (एस) को 5 और आरएलएम को 4 सीटें मिलीं। इस तरह एनडीए का कुल आंकड़ा 202 सीटों पर पहुँच गया, जबकि सरकार बनाने के लिए 122 सीटों का बहुमत आवश्यक है।
महागठबंधन की पार्टियों का क्या है हाल?
महागठबंधन मात्र 34 सीटें पर सिमट गई, जिनमें आरजेडी को 25, कांग्रेस को 6, भाकपा (माले) लिबरेशन को 2 और माकपा को 1 सीट मिली। इनके अलावा एआईएमआईएम ने 5, बसपा ने 1 और आईआईपी ने भी 1 सीट अपने नाम की।
