Tejashwi Yadav: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपनी पत्नी राबड़ी देवी, बेटे और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव के साथ पटना में मतदान किया। तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव और उनकी बहन मीसा भारती भी परिवार के साथ मतदान करने के लिए पहुंचीं। इस दौरान राजद प्रमुख लालू यादव ने भरोसा दिलाया कि यह चुनाव बिहार में बदलाव लाएगा, जबकि तेजस्वी यादव ने मतदाताओं से बिहार में बदलाव लाने की अपील की।
'हम जीतेंगे...बिहार जीतेगा'
तेजस्वी ने कहा, '14 नवंबर को बदलाव होगा, बदलाव लाएं, नई सरकार बनाएं।' उन्होंने लोगों से अपील की कि बिहार के लोग भविष्य को देखते हुए वोट दें। हम जीतेंगे...बिहार जीतेगा। पूरी बिहार की जनता की जीत होगी। बदलाव कीजिए, नई सरकार बनाएं। बता दें कि आज चुनाव के पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान जारी है।
'बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए वोट दें..'
राजद नेता मीसा भारती ने भी मतदाताओं से अपील की, 'मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि सभी को अपने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए वोट देना चाहिए।'
महिलाओं से आग्रह
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने महिलाओं और युवाओं से मतदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, 'मैं महिलाओं, युवाओं और सभी से घरों से बाहर निकलकर वोट डालने की अपील करती हूं। जनता बदलाव लाएगी।'
हालाकि, एक खास बात जो गायब थी, वह थे उनके अलग हुए बेटे तेज प्रताप यादव। राबड़ी यादव ने उन्हें उनके राजनीतिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, 'मेरे दोनों बेटों को मेरी शुभकामनाएं। तेज प्रताप अपने दम पर चुनाव लड़ रहे हैं। मैं उनकी मां हूं। दोनों को शुभकामनाएं।'
उन्होंने कहा, 'मैं बिहार के लोगों से अपील करती हूं कि वे घर से निकलकर वोट करें और अपने वोट के अधिकार को न भूलें...' मतदान के बाद मीसा भारती ने कहा कि युवाओं और जनता ने मन बना लिया है और गठबंधन भारी बहुमत से जीतेगा।
'तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे'
राबड़ी देवी ने कहा, 'एनडीए के एक कैबिनेट मंत्री कह रहे हैं कि गरीबों को जेल में बंद कर दो और उन्हें वोट न डालने दो। यह जंगलराज है। मोकामा में जिस तरह से हत्याएं हो रही हैं, यह जंगलराज है। युवाओं और बिहार की जनता ने तय कर लिया है कि इस बार तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। इस बार महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है।' 'संख्या के बारे में मत सोचो, यह 150-160 या 200 को भी पार कर सकता है। मुझे संख्याओं की चिंता नहीं है, लेकिन हम सरकार ज़रूर बनाएंगे क्योंकि युवा यही चाहते हैं और उन्हें अपने भविष्य की चिंता है।'
बता दें कि बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान आज सुबह 7 बजे राज्य की 243 सीटों में से 18 जिलों के 121 निर्वाचन क्षेत्रों में शुरू हुआ, जिसमें लगभग 3.75 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान शाम 6 बजे समाप्त होगा और सुरक्षा कारणों से, कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान का समय शाम 5 बजे तक कर दिया गया है।
पहले चरण में कई बड़े नाम
पहले चरण में राजद के तेजस्वी प्रसाद यादव, भाजपा नेता सम्राट चौधरी और मंगल पांडे व जदयू के श्रवण कुमार और विजय कुमार चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं के भाग्य का फैसला होगा। बाहुबली नेता अनंत सिंह और तेज प्रताप यादव भी पहले चरण में चुनाव लड़ रहे हैं।
