Kutumba Assembly Constituency (कुटुंबा विधानसभा सीट): कुटुंबा विधानसभा सीट, औरंगाबाद जिले में स्थित है। इसका इतिहास काफी पुराना नहीं रहा है। इस सीट पर अब तक 3 बार विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। जिनमें से 2 बार कांग्रेस ने जीत दर्ज की। कुटुंबा सीट से लगातार दो बार कांग्रेस के राजेश राम उर्फ राजेश कुमार विधायक रह चुके हैं। इस बार वे फिर इस सीट से चुनावी मैदान में उतर रहे हैं और कांग्रेस से उम्मीदवार हैं। वहीं एनडीए की ओर से हम पार्टी ने ललन राम को अपना प्रत्याशी बनाया है। आइए जानते हैं कि कुटुंबा विधानसभा सीट पर चुनाव कब होंगे और यहां का चुनावी समीकरण क्या हैं?
कुटुंबा विधानसभा सीट
कब बनी कुटुंबा विधानसभा सीट
कुटुंबा विधानसभा सीट औरंगाबाद जिले के अंतर्गत आती है। यह विधानसभा सीट 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई। यह अनुसूचित जाति आरक्षित सीट है, जिसपर पहली बार साल 2010 में विधानसभा चुनाव हुए थे। जिसमें जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने जीत हासिल की। जिसके बाद लगातार दो साल 2015 और 2020 में कांग्रेस ने अपनी जीत का परचम लहराया।
कुटुंबा चुनाव के रिजल्ट
कुटुंबा विधानसभा सीट पर 2010 में हुए पहले चुनाव में जेडीयू से ललन राम जीत हासिल कर विधायक बने। जिसमें कांग्रेस के प्रत्याशी राजेश राम को हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में वे तीसरे पायदान पर रहे। लेकिन 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने शानदार वापसी की। इस चुनाव में वे आरजेडी के नेतृत्व वाले महागठबंधन के तहत कांग्रेस की ओर से चुनाव लड़े। जिसमें उन्होंने 10,098 वोट के अंतर से जीत हासिल की। 2020 में हुए चुनाव में भी राजेश राम ने कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत का परचम लहराते हुए लगातार दूसरी बार विधायक बने। जिसके बाद उन्हें बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
कुटुंबा विधानसभा सीट के उम्मीदवार
- राजेश राम - Congress
- ललन राम - HAM
कुटुंबा विधानसभा सीट पर कब होंगे चुनाव
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरण में होने वाले हैं। पहला चरण में 6 नवंबर को मतदान होंगे। वहीं दूसरे चरण में 11 नवंबर को वोटिंग होगी। कुटुंबा विधानसभा सीट पर दूसरे चरण में 11 नवंबर को वोटिंग होने वाली है। बिहार विधानसभा चुनाव के मतों की गणना 14 नवंबर को होगी।
2020 विधानसभा चुनाव का परिणाम
| राजनीतिक पार्टी | उम्मीदवार | कुल वोट |
| Congress | राजेश राम | 50,822 |
| HAM | श्रवण भुइंया | 34,169 |
| IND | ललन राम | 20,433 |
क्या है कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र जातीय समीकरण
कुटुंबा विधानसभा सीट अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित सीट है। यहां पर रविदास समुदाय के मतदाताओं की संख्या काफी है। राजपूत समुदाय के लोग भी यहां की राजनीति में अहम भूमिका निभाते हैं। इस क्षेत्र में अनुसूचित जाति के वोटर 29.2 फीसदी हैं। वहीं मुस्लिम समुदाय के लोगों का कुल प्रतिशत 7.8 फीसदी है।
कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या
कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र में साल 2020 में कुल वोटरों की संख्या 2,66,974 थी। साल 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में इस क्षेत्र में वोटरों की संख्या बढ़कर 2,77,837 हो गई। 2020 के विधानसभा चुनाव में वोट प्रतिशत 52.06 फीसदी था। यह एक ग्रामीण इलाका है, जहां पर साक्षरता दर 58.35 फीसदी है। पुरुषों की साक्षरता दर 66.56 फीसदी और महिलाओं की 49.61 फीसदी है।
