Ayodhya Nagar Nigam Election 2023 BJP, SP, Congress Candidate List, Result Date, Voting Schedule: अयोध्या में इस बार का नगर निगम चुनाव बड़ा ही दिलचस्प है। बीजेपी के लिए जहां यह नगरी आस्था का केंद्र रही है, उसी के साथ यह राजनीति का गढ़ भी बन चुकी है। ऐसा इसलिए, क्योंकि 2023 के चुनावी समर (यूपी निकाय चुनाव) में भाजपा के खिलाफ बागी उतर आए हैं। वे साफ कर चुके हैं कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कोई दिक्कत नहीं है, पर उन्हें पार्टी और उसके फैसले से परेशानी है।
Ayodhya Nagar Nikay Chunav 2023: प्रतीकात्मक तस्वीर। (क्रिएटिवः अभिषेक गुप्ता)
बीजेपी के बागी शरद पाठक "बाबा" की धर्मपत्नी अनीता पाठक महापौर पद के लिए निर्दलीय मैदान में हैं। बाबा ने पत्रकारों को बताया, "जो व्यक्ति साल 2017 से पहले कांग्रेस में था और पानी पी-पीकर मोदी-योगी को गालियां देता था। उनके बारे में ऊट-पंटाग बातें कहता था उन्हें बीजेपी टिकट दे रही है. ऐसे में हम भगवा लेकर चुनाव लड़ेंगे। हमारे साथ कई निर्दलीय भी हैं।" शरद पाठक का दावा है कि बीजेपी ने जो कैंडिडेट उतारा है, उनकी विचारधारा आज भी कांग्रेसी है।
बीजेपी ने अयोध्या से महापौर पद के लिए गिरीशपति त्रिपाठी को टिकट दिया है, जबकि समाजवादी पार्टी ने डॉ आशीष पाण्डेय को मौका दिया है। 60 वार्ड्स में सपा और बीजेपी दोनों ने अपने 60-60 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि बसपा ने 40 वार्डों में अपने कैंडिडेट घोषित किए। प्रमुख मुद्दों की बात करें तो इनमें शहर का विकास, जल भराव, टूटी सड़कें, ग्रामीण इलाके में कम सुनवाई, व्यापारियों का शोषण और छात्रों-नौजवानों की परेशानियां शामिल हैं।
वैसे, अयोध्या नगर निगम में तीन लाख 32 हजार 464 मतदाता हैं। इनमें आधे शहरी और आधे ग्रामीण वोटर हैं। रोचक बात है कि इनमें एक लाख 10 हजार सवर्ण, 60 हजार मुस्लिम, 70 हजार पिछड़े, 40 हजार एसटी-एसटी और 25 हजार साधु-संत शामिल हैं।
कब होगा मतदान और आएंगे परिणाम?
यूपी निकाय चुनाव के लिए इस बार वोटिंग दो फेज में होगी। पहले चरण के तहत गुरुवार (चार मई, 2023) को मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में गुरुवार (11 मई, 2023) को वोट डाले जाएंगे। दोनों ही दिन सुबह सात बजे से शाम छह बजे लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर पाएंगे। अयोध्या मण्डल के तहत आने वाले जनपदों - अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, बाराबंकी और अमेठी - में द्वितीय चरण के तहत वोट डाले जाएंगे। वहीं, वोटों की गिनती शनिवार (13 मई, 2023) को सुबह आठ बजे चालू होगी।
अयोध्या को जानिएः एक नज़र में
यूपी में सरयू नदी के तट पर बसी अयोध्या धार्मिक और ऐतिहासिक नगरी है। अयोध्या नगर निगम के तहत इस जनपद का नगरीय क्षेत्र समाहित है। अयोध्या का पुराना नाम साकेत है और यह भगवान राम की पावन जन्मस्थली के रूप में हिंदू धर्मावलम्बियों के लिए आस्था का केंद्र है। वैसे, अयोध्या प्राचीन समय में कोसल राज्य की राजधानी और प्रसिद्ध महाकाव्य रामायण की पृष्ठभूमि का केंद्र थी। राम जी का जन्म स्थान होने के चलते इसे मोक्षदायिनी व हिंदुओं की प्रमुख तीर्थस्थली के रूप में देखा जाता है।साल 2011 की जनगणना के हिसाब से अयोध्या की कुल जनसंख्या 24,70,996 है, जिसमें 12,59,628 पुरुष और 12,11,368 महिलाएं हैं, जबकि वहां पर कुल 60 वॉर्ड्स हैं। निर्वाचन क्षेत्र की बात करें तो इसमें पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं और एक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र है। अयोध्या मण्डल में अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, बाराबंकी और अमेठी आते हैं।
