इलेक्शन

Assembly Elections Update: राहुल और प्रियंका राजस्‍थान में, पीएम मोदी और शाह की भी राज्य में कई रैलियां

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Nov 22, 2023, 12:24 PM IST

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बुधवार को तेलंगाना में दो सार्वजनिक बैठकों को संबोधित करेंगे, जबकि पार्टी नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा राजस्थान में पांच रैलियां करेंगे।

Image

विधानसभा चुनाव 2023 का घमासान

Photo : PTI

Assembly Elections Update: विधानसभा चुनाव 2023 के लिए राजस्थान और तेलंगाना में प्रचार चरम पर पहुंच गया है। तमाम बड़े नेता चुनावी रैली के लिए यहां पहुंच रहे हैं। मिजोरम, मध्य प्रदेश और छ्त्तीसगढ़ में मतदान संपन्न हो चुका है। अब पार्टियों का जोर राजस्थान और तेलंगाना पर है। मंगलवार 21 नवंबर को कांग्रेस ने राजस्थान के लिए चुनावी घोषणापत्र जारी कर सियासी घमसान को आगे बढ़ाया। आज भी राज्य में कई रैलियां होने जा रही हैं।

मोदी डूंगरपुर व भीलवाड़ा और शाह पाली, जालौर, रानीवाड़ा में करेंगे जनसभा

राजस्थान विधान सभा चुनाव में धुंआधार चुनाव प्रचार अभियान में जुटे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के कई दिग्गज नेता बुधवार को भी प्रदेश में अलग-अलग इलाकों में कई रैलियों को संबोधित करने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को डूंगरपुर के सागवाड़ा और भीलवाड़ा के जहाजपुर में दो चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी आज राजस्थान में दो रैलियों को संबोधित करने जा रहे हैं।

नड्डा सीकर के दांतारामगढ़ विधान सभा और दौसा विधान सभा क्षेत्र में दो अलग-अलग चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को राजस्थान के पाली की जैतारण विधान सभा, जालौर की जालौर विधान सभा और रानीवाड़ा की रानीवाड़ा विधान सभा क्षेत्र में तीन अलग-अलग चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। राजस्थान में 25 नवंबर को राज्य की सभी 200 विधान सभा सीटों पर चुनाव होना है। राज्य में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ पार्टी कांग्रेस और मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा के बीच है।

राजस्थान में राहुल-प्रियंका की पांच रैलियां

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बुधवार को तेलंगाना में दो सार्वजनिक बैठकों को संबोधित करेंगे, जबकि पार्टी नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा राजस्थान में पांच रैलियां करेंगे। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, खड़गे बुधवार को तेलंगाना के आलमपुर और नलगोंडा विधानसभा क्षेत्रों में रहेंगे। वह सबसे पहले दोपहर 1.30 बजे एक आलमपुर के लीजा टाउन इलाके में और फिर शाम 4.30 बजे मैरिगुडा ग्राउंड, नलगोंडा में जनसभा को संबोधित करेंगे। तेलंगाना की 119 सीटों वाली विधानसभा के लिए 30 नवंबर को मतदान होना है।

कहां-कहां रैलियां?

इस बीच, राहुल गांधी दोपहर 12 बजे राजस्‍थान के धौलपुर जिले के राजाखेड़ा में संबोधित करेंगे, जबकि दूसरी रैली भरतपुर में दोपहर 1.30 बजे होगी। आखिरी सभा दोपहर 3 बजे गंगापुर, गंगापुर सिटी जिले में होगी। उनकी बहन और पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा दोपहर 12.30 बजे चूरी और 2.30 बजेशाहपुरा में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगी। राजस्थान में 200 सीटों वाली विधानसभा के लिए शनिवार 25 नवंबर को मतदान होगा। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article