Telangana Assembly Election 2023 : चार राज्यों में मतदान संपन्न होने के बाद अब तेलंगाना में नेताओं के बीच जुबानी जंग जारी है। नेता एक-दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं। इसी क्रम में ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तंज कसा है। ओवैसी ने शनिवार को हैदराबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल को निशाने पर लिया और कहा कि 'कांग्रेस सांसद को अपने जीवन में बस दो चीजों से प्यार है। पहला इटली और दूसरा मोदी।'
बीआरएस एवं एआईएमआईएम पर राहुल का निशाना
तेलंगाना में शनिवार को एक रैली के दौरान राहुल गांधी ने बीआरएस एवं एआईएमआईएम पर निशाना साधा। राहुल ने सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति को भ्रष्ट बताया। उन्होंने कहा कि बीआरएस, एआईएमआईएम और भाजपा के साथ है। राहुल ने कहा, 'तेलंगाना में मोदी जी के दो मित्र हैं। एक हैं ओवैसी और दूसरे केसीआर।' कांग्रेस नेता ने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव चाहते हैं कि मोदी देश के पीएम बने रहें और मोदी, केसीआर को सीएम देखना चाहते हैं।
राव ने लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया-राहुल
राहुल ने कहा कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के प्रमुख चंद्रशेखर राव को यह एहसास होना चाहिए कि यह कांग्रेस ही थी जिसने उस विद्यालय और विश्वविद्यालय का निर्माण किया जिसमें उन्होंने पढ़ाई की। गांधी ने कहा कि आगामी चुनाव में मुकाबला 'दोराला’ (सामंती) और 'प्रजाला' (जनता के) के बीच है। गांधी ने कहा कि लोगों ने गरीब और किसान समर्थक सरकार का सपना देखा, जबकि राव ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
अमेठी ने स्मृति ईरानी को चुन लिया-ओवैसी
ओवैसी ने राहुल पर तंज कसते हुए कहा कि 'अमेठी की जनता आखिर राहुल गांधी की दोस्त क्यों नहीं बनी। उसने स्मृति ईरानी को चुन लिया। राहुल गांधी को अब और सिंगल नहीं रहना चाहिए क्योंकि वह अब 50 साल के हो गए हैं।' तेलंगाना में विधानसभा की 119 सीटों के लिए 30 नवंबर को मतदान होगा और चुनाव नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।
