आम आदमी पार्टी बनी राष्ट्रीय पार्टी, अरविंद केजरीवाल बोले- देश में चंद पार्टियों को ही है यह दर्जा, गुजरात के वोटरों को कहा- थैंक्स

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Dec 8, 2022, 11:08 PM IST

गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के नतीजे आने के बाद सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी को सिर्फ पांच सीटें मिली हैं। लेकिन आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) काफी खुश हैं। उन्होंने आप को राष्ट्रीय पार्टी (National Party) बनने पर गुजरात के वोटरों को धन्यवाद दिया।

गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद भी AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) खुश हैं। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज आम आदमी पार्टी एक राष्ट्रीय पार्टी (National Party) बन गई है। गुजरात चुनाव के नतीजे आ चुके हैं और पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। 10 साल पहले आप एक छोटी सी पार्टी थी, अब 10 साल बाद 2 राज्यों में इसकी सरकारें हैं और यह एक राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। उन्होंने राष्ट्रीय पार्टी बनने पर आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और सभी देशवासियों को बधाई।

AAP national convenor & Delhi CM Arvind Kejriwal

AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश में चंद पार्टियों को ही राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा है, उनमें अब आपकी आम आदमी पार्टी भी शामिल हो गई है। गुजरात की जनता ने "आप" को राष्ट्रीय पार्टी बना दिया है। गुजरात बीजेपी का गढ़ माना जाता है। हम उसका किला भेदने में सफल हुए और हमें 13 फीसद के करीब वोट मिले हैं। इस बार हम किला भेदने में सफल हुए, अगली बार इस किले को जीतने में भी सफल होंगे। महज 10 साल पहले "आप" बनी थी। आज दो राज्यों में सरकार है और अब राष्ट्रीय पार्टी भी बन गई है, यह सुन लोग दांतों तले उंगली दबा लेते हैं। "आप" के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने पूरा कैंपेन बहुत पॉजिटिव चलाया। हमने केवल दिल्ली-पंजाब में किए अपने काम की चर्चा की और यही हमें दूसरी पार्टियों से अलग करता है। 75 साल से देश में गाली-गलौज, मारपीट और जाति-धर्म की राजनीति ही चलती रही है। पहली बार एक पार्टी आई है जो जनता के मुद्दों, विकास और देश को नंबर-1 बनाने की बात करती है।

End of Feed