इलेक्शन

Jammu Kashmir Election: अमित शाह आज से दो दिवसीय जम्मू-कश्मीर दौरे पर, जारी करेंगे BJP का घोषणापत्र

Amit Shah Jammu Kashmir visit:गृह मंत्री अमित शाह आज से दो दिवसीय जम्मू-कश्मीर दौरे पर हैं। वह दोपहर में पार्टी को घोषणापत्र जारी करेंगे। इसके बाद वह आरएसएस और पार्टी नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक करने वाले हैं। शनिवार को अमित शाह जम्मू के पलौरा में एक चुनावी जनसभा को भी संबोधित करने वाले हैं।

Image

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।

Photo : Twitter

Amit Shah Jammu Kashmir visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से दो दिवसीय जम्मू-कश्मीर दौरे पर होंगे। इस दौरान वह भारतीय जनता पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे और पार्टी का घोषणापत्र भी जारी कर सकते हैं। बता दें, जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके मद्देनजर अमित शाह जम्मू-कश्मीर दौरे के पहले दिन प्रदेश की भाजपा इकाई के साथ बैठक करेंगे, जिसमें चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा होगी। वहीं दूसरे दिन वह भाजपा नेताओं के साथ व्यापक चर्चा करेंगे और रणनीति तैयार करेंगे।

बता दें, अमित शाह का यह जम्मू-कश्मीर दौरा ऐसे समय में हो रहा है। जब विधानसभा चुनाव से पहले ही पार्टी को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है और पार्टी के टिकट बंटवारे से नाराज कई नेता भाजपा से इस्तीफा दे चुके हैं। ऐसे में अमित शाह के दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमित शाह के जम्मू-कश्मीर दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

जारी करेंगे पार्टी का घोषणापत्र

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पार्टी का घोषणापत्र भी जारी करेंगे। जानकारी के मुताबिक, आज दोपहर जम्मू के अनुथम होटल में एक कार्यक्रम के दौरान शाह घोषणापत्र को सार्वजनिक करेंगे। इसमें जम्मू-कश्मीर को लेकर कई बड़े ऐलान हो सकते हैं। इसके बाद वह जम्मू-कश्मीर भाजपा और आरएसएस नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। शनिवार को अमित शाह जम्मू के पलौरा में एक चुनावी जनसभा को भी संबोधित करने वाले हैं।

हो सकते हैं बड़े ऐलान

जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद यह पहला विधानसभा चुनाव है। ऐसे में यह चुनाव काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 219 उम्मीदवार मैदान में हैं और यहां मतदान 18 सितंबर को होंगे। माना जा रहा है कि भाजपा अपने घोषणापत्र में जम्मू-कश्मीर में सुशासन और पर्यटन को बढ़ावा देने पर बड़ी घोषणाएं कर सकती है। इसके अलावा कश्मीरी पंडितों के पुनर्वास को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा भाजपा की ओर से हो सकती है।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article