इलेक्शन

'वसुंधरा-शिवराज के नेतृत्व पर फैसला बाद में होगा', शाह बोले-2024 में दर्ज करेंगे पिछली बार से बड़ी जीत

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 15, 2023, 02:05 PM IST

Amit Shah Interview : अमित शाह ने कहा कि अपने चुनाव अभियान के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़, राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में कांग्रेस के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर देखी है। खासकर मध्य प्रदेश का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि यहां सत्ता विरोधी लहर कांग्रेस के खिलाफ है।

Image

अमित शाह का दावा है कि 2024 में भाजपा दर्ज करेगी बड़ी जीत।

Photo : PTI

Amit Shah Interview: पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपने पूरे दम-खम के साथ उतरी है। मिजोरम में मतदान संपन्न हो गया है। हिंदी बेल्ट के राज्यों छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण और राजस्थान, एवं मध्य प्रदेश के लिए मतदान होना है। भगवा पार्टी को दक्षिण के राज्य तेलंगाना से भी उम्मीद है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इन सभी राज्यों में पार्टी के लिए ताबड़तौड़ रैलियां की हैं। प्रचार अभियान में जुटे अमित शाह ने इन सबके बीच टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ खास बातचीत की है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं राजस्थान में बिना सीएम चेहरे के चुनाव में जाने से लेकर विभिन्न चुनावी मुद्दों सहित लोकसभा चुनाव 2024 के बारे में उन्होंने अपनी राय रखी-

शिवराज-वसुंधरा के नेतृत्व पर पार्टी बाद में फैसला लेगी

इस सवाल पर कि मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में ऐसा कहा जा रहा है कि शिवराज सिंह चौहान और वसुंधरा राजे का विकल्प ढूंढ लिया गया है? चूंकि ये दोनों सीएम फेस नहीं हैं ऐसे में दोनों नेताओं का भविष्य क्या है? इस सवाल पर केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान और वसुंधरा राजे पूरे उत्साह एवं जोश के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। नेतृत्व की जहां तक बात है तो उस पर फैसला बाद में लिया जाएगा।

'सामूहिक नेतृत्व के साथ जाने से नुकसान नहीं'

राजस्थान में तीन दशकों में यह पहली बार है जब भाजपा ने सीएम का चेहरा घोषित नहीं किया है? क्या आपको नहीं लगता कि सामूहिक नेतृत्व के साथ जाना चुनाव में नुकसान पहुंचा सकता है, क्योंकि पार्टी पहले भैरों सिंह शेखावत और बाद में वसुंधरा राजे के चेहरे पर निर्भर रही? इस सवाल पर अमित शाह ने कहा कि उनका ऐसा मानना नहीं है।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस के खिलाफ 'एंटी-इनकंबैंसी'

शाह ने कहा कि अपने चुनाव अभियान के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़, राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में कांग्रेस के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर देखी है। खासकर मध्य प्रदेश का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि बीते ढाई महीनों में उन्होंने राज्य को करीब से देखा है और लोगों से बात की। 2018 में चुनाव जीतकर सत्ता में आई कांग्रेस की 15 महीनों की सरकार को लोग भूले नहीं है। इन 15 महीनों को लोग कांग्रेस के कु-शासन, भ्रष्टाचार और नाकामी के रूप में देख रहे हैं। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस विकास के रास्ते को छोड़ दिया। इन दोनों राज्यों में कानून-व्यवस्था खराब है। इन बातों ने लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाया। यहां लोग भाजपा को मौका देने के लिए मन बना चुके हैं।

2024 में पिछली बार से मिलेगी बड़ी जीत

2024 के लोकसभा चुनाव के बारे में शाह ने कहा कि भाजपा की जीत के बारे में उनके मन में कोई संशय नहीं है। वह पिछली बार से ज्यादा बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगी और नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। 'इंडिया' गठबंधन के बारे में शाह ने कहा कि यह एक भ्रम है। उन्होंने पूछा कि तेलंगाना अथवा केरल में विपक्ष में क्या कोई एकता हो सकता है? मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश ऐसे राज्य हैं जहां केवल कांग्रेस ही विपक्ष है। तो हम किसी एकता की बात कर रहे हैं?

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article