Bengal Chunav 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राज्य में सियासत अपने चरम पर पहुंच चुकी है। सभी राजनीतिक दल पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (amit shah bengal rally) ने भी राज्य के दक्षिणी हिस्सों में रैलियों के जरिए चुनावी माहौल को और तेज कर दिया है। शनिवार को अमित शाह ने अपने दौरे की शुरुआत बांकुड़ा जिले के ओंदा से की। इसके बाद गृहमंत्री दो और सभाओं को संबोधित करेंगे। उनका फोकस खासतौर पर जंगलमहल क्षेत्र पर है। जहां भाजपा अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।
अपनी सभाओं में अमित शाह ने राज्य की मौजूदा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बंगाल में सिंडिकेट राज ने आम लोगों का जीवन मुश्किल कर दिया है। उनका आरोप था कि सीमेंट, ईंट या अन्य जरूरी सामान लेने के लिए लोगों को सिंडिकेट को पैसा देना पड़ता है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस व्यवस्था को खत्म करने के लिए भाजपा का साथ दें। अमित शाह ने यह भी कहा कि पिछले 15 सालों में बांकुड़ा जैसे इलाकों की अनदेखी की गई है और अब इसका हिसाब लेने का समय आ गया है। उन्होंने युवाओं के पलायन और अवैध बालू खनन जैसे मुद्दों को भी उठाया। उनके मुताबिक, इन समस्याओं के कारण क्षेत्र का विकास रुक गया है।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर इस दिशा में सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कुछ घटनाओं का जिक्र करते हुए राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। अमित शाह ने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी डर के मतदान करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, ताकि कोई भी मतदान प्रक्रिया को प्रभावित न कर सके। कुल मिलाकर अगर कहें तो अमित शाह की रैलियों ने बंगाल चुनाव में सियासी हलचल को और तेज कर दिया है और आने वाले दिनों में मुकाबला और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है।
