इलेक्शन

Delhi Chunav: लांबा की ललकार-दिल्ली में कांग्रेस उठ खड़ी हुई है, केजरीवाल में दम है तो इंडिया अलायंस से बाहर होने का ऐलान करें

Delhi Assembly Election 2025 : चांदनी चौक की पूर्व विधायक ने कहा कि केजरीवाल और उनकी आम आदमी पार्टी लोगों को केवल ठगने का काम करती आई है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में उनकी सरकार बनवाने और लोकसभा चुनाव में समर्थन देने से संगठन एवं चुनाव दोनों स्तरों पर कांग्रेस का भारी नुकसान हुआ है।

Image

दिल्ली में पांच फरवरी को होगा मतदान।

Delhi Assembly Election 2025 : दिल्ली में मतदान की तारीख-तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे नेताओं के बीच जुबानी जंग तीखा होता जा रहा है। इसी क्रम में कालकाजी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। लांबा ने शनिवार को कहा कि अगर केजरीवाल में दम है तो वह इंडिया अलायंस से बाहर निकलने की घोषणा करके दिखाएं। चांदनी चौक की पूर्व विधायक ने कहा कि केजरीवाल और उनकी आम आदमी पार्टी लोगों को केवल ठगने का काम करती आई है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में उनकी सरकार बनवाने और लोकसभा चुनाव में समर्थन देने से संगठन एवं चुनाव दोनों स्तरों पर कांग्रेस का भारी नुकसान हुआ है।

ऊंट पहाड़ के नीचे आ गया है-लांबा

लांबा ने केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा, 'केजरीवाल की चाल से कांग्रेस पार्टी अच्छी तरह वाकिफ हो चुकी है। हरियाणा में इन्हें एक सीट कुरुक्षेत्र चुनाव लड़ने के लिए दी गई। वह सीट भी इन्होंने भाजपा की झोली में डाल दी। इन्होंने हमारे मनमोहन सिंह, शीला दीक्षित जैसे नेताओं का अपमान किया। लेकिन अब ऊंट पहाड़ के नीचे आ गया है। पंजाब में इन्होंने महिलाओं को एक-एक हजार रुपये देने का वादा किया था। बीते 36 महीनों से एक रुपया तक नहीं दिया। पंजाब की महिलाएं जब दिल्ली आती हैं तो ये कहते हैं कि ये महिलाएं पंजाब की नहीं हैं।'

केजरीवाल को माफी मांगनी चाहिए-लांबा

एक इंटरव्यू में केजरीवाल ने कहा कि जेल में वह सोच रहे थे कि सबसे ईमानदार पीएम कौन है तो उन्हें मनमोहन सिंह का नाम याद आया। केजरीवाल को गुरशरण सिंह कौर के पैरों पर गिरकर माफी मांगनी चाहिए। उसी पार्टी से गठबंधन के लिए आप भीख मांग रहे थे। लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सातों सीटों पर समर्थन देकर कांग्रेस ने बहुत बड़ी भूल की। दिल्ली की जनता अब हमारे साथ है।

AAP का नया पोस्टर

दरअसल, आम आदमी पार्टी की तरफ से 'भ्रष्ट' नेताओं का एक पोस्टर जारी किया गया है। इस पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राहुल गांधी, योगी आदित्यनाथ, वीरेंद्र सचदेवा, अनुराग ठाकुर, प्रवेश वर्मा, अजय मानक, संदीप दीक्षित और रमेश बिधूड़ी की तस्वीर है। इस पोस्टर पर लिखा है 'केजरीवाल की ईमानदारी सारे बेईमानों पर पड़ेगी भारी।' तस्वीर के ऊपरी हिस्से में केजरीवाल और उनकी पत्नी सुनीता हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article