Swami Prasad Maurya: उत्तर प्रदेश की सियासत में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले बड़ी फेरबदल होती नजर आ रही है। अखिलेश यादव को एक और झटका लग सकता है। सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य समाजवादी पार्टी छोड़कर अपनी नई पार्टी बना सकते हैं। बता दें, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पद से वो पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं।
अखिलेश यादव को एक और तगड़ा झटका
समाजवादी पार्टी नेता स्वामी प्रसाद मौर्य अब अपनी नई पार्टी बना सकते हैं। जानकारी के अनुसार वो 22 फरवरी को अपने नई पार्टी का ऐलान कर सकते हैं। लोकसभा चुनाव से पहले कई दिग्गज नेता लगातार कांग्रेस को अलविदा कह रहे हैं, इस बीच अखिलेश यादव की मुश्किलों में भी इजाफा होने के आसार नजर आ रहे हैं।
राष्ट्रीय महासचिव पद से स्वामी का इस्तीफा
बीते 13 फरवरी को स्वामी प्रसाद मौर्या ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने यह इस्तीफा सीधे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को न देकर सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने पार्टी के पद से न सिर्फ इस्तीफा दिया, बल्कि एक लंबा-चौड़ा पत्र भी अखिलेश यादव के नाम लिखा। इसमें स्वामी प्रसाद मौर्या ने कई आरोप लगाए। हालांकि, यह भी लिखा था कि वह पार्टी में किसी पद पर रहे बिना पार्टी को सशक्त बनाने का काम करते रहेंगे।
उन्होंने अपने पत्र में कहा था कि जबसे मैं समाजवादी पार्टी में सम्मिलित हुआ, लगातार जनाधार बढ़ाने की कोशिश की। उन्होंने कहा, संविधान निर्माता बाबा साहब डॉक्टर आंबेडकर ने बहुजन हिताय- बहुजन सुखाय की बात की तो डॉ. राम मनोहर लोहिया ने सोशलिस्टो ने बांधी गांठ, पिछड़ा पौवे सौ में साठ का नारा दिया था। किंतु पार्टी द्वारा लगातार इस नारे को निष्प्रभावी किया गया।
