Mizoram Aizawl North III seat 2023 Profile: आइजोल नॉर्थ III सीट आइजोल जिले में पड़ती है। 2018 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) के सी लालमुआनपुइया ने जीत दर्ज की। एमएनएफ के नेता ने कांग्रेस के लाल थंजारा को 434 वोट के अंतर से हराया। इस बार भी एमएनएफ ने इस सीट के लिए सी लालमुआनपुइया पर भरोसा जताया है। जबकि भाजपा ने इस सीट के लिए चावंघमिंगठाना और कांग्रेस ने लाल थंजारा को उम्मीदवार बनाया है। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में, यानी पिछले विधानसभा चुनाव में इस विधानसभा सीट पर कुल 18963 मतदाता थे।
2013 में लाल थंजारा ने जीत हासिल की
इससे पहले वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में आइजोल उत्तर 3 विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार लाल थंजारा ने जीत हासिल की थी। इस सीट पर एमएनएफ के उम्मीदवार लालछंदामा राल्टे को 5512 वोट मिले थे, और वह 750 वोटों के अंतर से दूसरे स्थान पर रहे। इस सीट के लिए मतदान 7 नवंबर को होगा और चुनाव नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।
8.57 लाख से अधिक मतदाता
मिजोरम में 4,39,026 महिला मतदाताओं सहित 8.57 लाख से अधिक मतदाता आगामी विधानसभा चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। राज्य में 1,276 मतदान केंद्रों में से लगभग 30 की पहचान ‘क्रिटिकल’ के रूप में की गई है। कुल मिलाकर 18 महिलाओं सहित 174 लोग चुनाव मैदान में हैं। दो-दो पुरुष और महिलाएं दो-दो सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगा मतदान
मिजोरम विधानसभा के लिए सात नवंबर को होने वाले चुनाव के वास्ते कम से कम 3,000 पुलिसकर्मी और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 450 टुकड़ी (सेक्शन) तैनात की जाएंगी। मिजोरम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मधुप व्यास ने बुधवार को कहा कि निर्वाचन आयोग सुचारू, स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए बड़े पैमाने पर प्रयास कर रहा है।
