इलेक्शन

'दिल्ली की सभी 70 सीटें जीतेगी आम आदमी पार्टी'; पूरी दुनिया से अलग होती है अखिलेश यादव की भविष्यवाणी

Akhilesh Yadav's Big Claim: अखिलेश यादव अक्सर ऐसे दावे करते हैं, जिसके बाद उन पर सवाल खड़े होने लगते हैं। कभी वो कहते हैं कि यूपी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी 400 सीटें जीतेगी। कभी को ये दावा करते हैं कि लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन यूपी की सभी 80 सीटें जीतेगी। अब वो ये कह रहे हैं कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी 70 सीट जीतेगी। उनके ऐसे ही दावे उन पर सवाल खड़े करते हैं।

Image

अखिलेश यादव की चुनावी भविष्यवाणी।

AAP in Delhi Election: क्या दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी सभी 70 सीटों पर जीत का परचम फहरा पाएगी? अखिलेश यादव ने ऐसी भविष्यवाणी की है। खुद आम आदमी पार्टी के नेता ऐसा दावा कर रहे हैं कि दिल्ली की 70 में से 65 सीटें आप के खाते में आएगी। लेकिन अखिलेश ये भविष्यवाणी कर रहे हैं कि आप को सभी 70 सीटों पर जीत मिलेगी। अब भला अखिलेश ऐसे दावे करेंगे तो विरोधी पार्टी उनका मजाक क्यों ना उड़ाएगी।

अक्सर ऐसी बातें करते रहते हैं अखिलेश यादव

ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जब समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इस तरह की भविष्यवाणी की है। इससे पहले साल 2022 में हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उन्होंने दावा किया था कि सपा गठबंधन 400 सीटों पर जीत हासिल करेगी। हालांकि ये उस वक्त भी हास्यास्पद लगा, क्योंकि यूपी में कुल 403 सीटें हैं और अगर सपा ने उनमें से 400 सीट जीत जाती तो क्या भाजपा, कांग्रेस और अन्य पार्टियां सिर्फ 3 सीटों के लिए संघर्ष करतीं? इसके बाद उन्होंने लोकसभा चुनाव के लिए भी ऐसा ही दावा किया था। अखिलेश ने एक बार फिर ऐसी बातें की।

केजरीवाल के साथ रैली में शामिल हुए अखिलेश

अखिलेश दिल्ली विधानसभा चुनाव में सपा प्रमुख अखिलेश यादव गुरुवार को अरविंद केजरीवाल के साथ रैली में शामिल हुए। उन्होंने जनता से अपील की कि भारी बहुमत के साथ अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर से लेकर आएं, ताकि वह अगले पांच साल विकास कर सकें। यूपी के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि किसी अन्य को वोट देकर अपना मत खराब न करें। दिल्ली के किराड़ी विधानसभा में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक साथ रोड शो किया। अखिलेश यादव ने आम आदमी पार्टी के पक्ष में प्रचार किया और आप उम्मीदवार के लिए वोट मांगे।

इस दौरान उन्होंने दिल्ली की जनता से अपील करते हुए कहा कि लोग कांग्रेस को वोट देकर अपना मत खराब न करें। आम आदमी पार्टी भाजपा को पटखनी देने जा रही है। ये झाड़ू भाजपा की बेईमानी का सफाया करने जा रहा है। मैं यहां उपस्थित जनता से अपील करता हूं कि आप सभी मिलकर भाजपा का सफाया कीजिए। झाड़ू के पक्ष में वोट कीजिए।

आपका वोट खराब नहीं होना चाहिए- अखिलेश

अखिलेश ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आपका वोट खराब नहीं होना चाहिए। इनका काम और विकास ही प्रमाण है। जिस तरीके से शिक्षा और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, बिजली-पानी की सुविधा का इन्होंने इंतजाम किया है, ये न केवल देश में, बल्कि दुनिया में उदाहरण बना है। लोग इस मॉडल की स्टडी करना चाहते हैं और अपने यहां लागू करना चाहते हैं। अब तो सुनने में आया है कि भाजपा के लोग भी कह रहे हैं, जो अरविंद केजरीवाल की योजनाएं हैं, उसे हम बंद नहीं करेंगे। इसलिए आप के अलावा किसी और को वोट देकर अपना मत खराब न करें।

उन्होंने आगे कहा कि जनता 'आप' पर भरोसा कर उसे ऐतिहासिक जीत दिलाने जा रही है। हो सकता है कि भाजपा सभी 70 सीट हार जाए और सभी 70 सीटों पर 'आप' की जीत हो। गरीब जनता को फ्री बिजली-पानी, स्कूल, अस्पताल आदि काम 'आप' ने किए हैं। लोगों को हर माह 25 हजार रुपये तक की सुविधा मिल रही है। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 'आप' काम करने वाली पार्टी है और भाजपा गाली देने वाली पार्टी है। कमल का बटन दबाने पर हर महीने 25,000 रुपये की चपत लगेगी। पंजाब के सीएम के आवास पर रेड की जा रही है। भाजपा के नेता रुपये बांट रहे हैं, सोने की चेन बांट रहे हैं और रेड पंजाब के सीएम के आवास पर हो रही है।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article