Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी ने रविवार को अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी। इस सूची में कुल 40 नेताओं के नाम शामिल किए गए हैं, जो पार्टी की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचार करेंगे। इस लिस्ट में पार्टी के कई दिग्गज नेताओं के नाम हैं। आप की स्टार प्रचारकों की सूची में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम सबसे ऊपर है। इसके अलावा, दिल्ली की मौजूदा मुख्यमंत्री आतिशी, अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, राज्यसभा सांसद राघव चड्डा और संजय सिंह के नाम शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व भारतीय क्रिकेटर और आप के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह भी पार्टी स्टार प्रचारक होंगे।
केजरीवाल, सुनीता, आतिशी, मान दिल्ली चुनाव के लिए 'आप' के स्टार प्रचारक
आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल, उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के स्टार प्रचारकों में शामिल हैं। आप के नेताओं ने रविवार को यह जानकारी दी। आम आदमी पार्टी (आप) के 40 स्टार प्रचारकों की सूची में पार्टी सांसद संजय सिंह, राघव चड्ढा और हरभजन सिंह के साथ-साथ दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी शामिल हैं। आप के नेताओं ने बताया कि सूची में दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल, विधायक दिलीप पांडे, गुलाब सिंह और ऋतुराज झा भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज, रघुविंदर शौकीन, इमरान हुसैन और मुकेश अहलावत सहित आप सरकार के सभी मंत्री भी पार्टी के स्टार प्रचारक हैं।
कांग्रेस और भाजपा ने पहले ही जारी कर दी है अपने स्टार प्रचारकों की सूची
इससे पहले, कांग्रेस और भाजपा ने भी विधानसभा चुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की थी। कांग्रेस की ओर से जारी स्टार प्रचारकों की सूची में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, के.सी. वेणुगोपाल, देवेंद्र यादव, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत 40 नेताओं को शामिल किया गया है।
भाजपा की ओर से सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल, धर्मेंद्र प्रधान, गिरिराज सिंह समेत 40 नेताओं के नाम शामिल हैं। दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों के लिए 5 फरवरी को एक चरण में चुनाव होगा और नतीजे की घोषणा 8 फरवरी को होगी।
