UKSSSC Exam 2026: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा आज 449 केंद्रों पर होनी है। आयोग ने रविवार यानी आज हो रही इस परीक्षा के लिए सख्त व्यवस्थाएं की हैं। पूर्व में परीक्षा केंद्र पर हुई घटना से सबक लेते हुए सभी केंद्रों पर मोबाइल फोन को प्रतिबंधित किया गया है। यहां तक कि आयोग के ऑब्जर्वर भी मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं। चलिये बात करते हैं आज से शुरू हो रही इस परीक्षा के कड़े इंतजामात के बारे में...
Uttarakhand UKSSSC Exam 2026
कब होगी परीक्षा ?
बताते चलें कि ये परीक्षा पटवारी, लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी समेत अलग-अलग पदों पर लेखपाल की भर्ती के लिए हो रही है। सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक परीक्षा का समय निर्धारित किया गया है।
किस केंद्र पर सबसे ज्यादा अभ्यर्थी ?
आयोग के अनुसार अकेले देहरादून में 116 केंद्रों पर कुल 24,376 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। हरिद्वार में 5,328 अभ्यर्थियों के लिए 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। ऊधमसिंह नगर में 4452 अभ्यर्थियों के लिए 18 केंद्र बनाए गए हैं।
एग्जाम सेंटर्स में पुख्ता इंतजाम
- परीक्षा को पूरी तरह से पारदर्शी बनाए रखने के लिए इस बार आयोग ने पुख्ता इंतजामात किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी।
- अभ्यर्थियों की पहचान के लिए फेस ऑथेंटिकेशन और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन व्यवस्था की गई है।
- पिछले सालों में भर्ती परीक्षाओं को लेकर सामने आए विवादों और नकल के मामलों को देखते हुए आयोग इस बार किसी भी तरह की चूक से बचना चाहता है।
पारदर्शी एग्जाम सर्वोच्च प्राथमिकता
अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रो की अलग से पहचान बनी है।
