Allahabad High Court UPPCS Decision: उत्तर प्रदेश पीसीएस भर्ती 2025 की चयन प्रक्रिया को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने प्रारंभिक परीक्षा के घोषित परिणाम को रद्द करते हुए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को नए सिरे से मेरिट लिस्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। इस फैसले का असर उन उम्मीदवारों पर भी पड़ेगा, जो पहले ही मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू की प्रक्रिया में शामिल हो चुके हैं। अब आयोग को संशोधित प्रीलिम्स रिजल्ट के आधार पर आगे की चयन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यानी नए परिणाम में सफल होने वाले उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। इसके बाद संशोधित परिणाम के आधार पर इंटरव्यू भी दोबारा आयोजित किए जाएंगे।
UPPCS 2025 का रिजल्ट रद्द (Image- AI Generated/Newsroom Verified)
जानें पूरा विवाद?
यह मामला आरक्षित वर्ग के उन मेधावी उम्मीदवारों से जुड़ा है, जिनके अंक अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक होने का दावा किया गया था। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि ज्यादा अंक होने के बावजूद उन्हें ओपन कैटेगरी में जगह नहीं मिली और वे मुख्य परीक्षा में शामिल होने से वंचित रह गए।
उम्मीदवारों ने कोर्ट में दलील दी कि ओपन कैटेगरी सभी वर्गों के लिए होती है। इसलिए मेरिट के आधार पर अनारक्षित वर्ग की कटऑफ से अधिक अंक पाने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को भी इसमें शामिल किया जाना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: कौन हैं यूपीपीएससी के नये अध्यक्ष आलोक सिंह
आयोग को देना होगा वर्गवार ब्योरा
हाईकोर्ट ने आयोग से यह जानकारी मांगी है कि आरक्षित श्रेणियों के कितने उम्मीदवारों ने अनारक्षित वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक हासिल किए हैं। इस जानकारी के आधार पर नई मेरिट तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
कितने उम्मीदवार हुए थे सफल?
| चयन प्रक्रिया | उम्मीदवारों की संख्या |
| कुल आवेदन | 6,26,387 |
| प्रीलिम्स में शामिल | 2,65,270 |
| मेंस के लिए सफल | 11,727 |
| मेंस में शामिल | 10,284 |
| इंटरव्यू के लिए सफल | 2,297 |
क्या प्रीलिम्स परीक्षा दोबारा होगी?
उम्मीदवारों के अधिवक्ता के मुताबिक, प्रारंभिक परीक्षा दोबारा कराने के बजाय पहले आयोजित परीक्षा के अंकों के आधार पर नई मेरिट तैयार की जाएगी। इसमें योग्य मेधावी आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को ओपन कैटेगरी में जगह दी जाएगी। इसके बाद संशोधित मेरिट के आधार पर मुख्य परीक्षा और फिर इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी होगी। यानी पहले आयोजित मेंस और इंटरव्यू के आधार पर चयन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: देश में चल रही हैं 32 फर्जी यूनिवर्सिटी, UGC ने जारी की पूरी लिस्ट
