उत्तर प्रदेश के 4512 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में पहली बार सहायक अध्यापकों (प्रशिक्षित स्नातक या टीजीटी) को 28 साल बाद प्रधानाचार्य भर्ती में मौका मिलेगा। संशोधन के बाद उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग इस भर्ती प्रक्रिया का विज्ञापन जारी करेगा। सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य के 1475 और हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक के 1172 रिक्त पदों की सूचना चयन आयोग को भेजी है। भर्ती प्रक्रिया से पहले आयोग को चयन आयोग की नियमावली में आवश्यक संशोधन करना होगा। पहली बार एडेड स्कूलों के शिक्षकों को भी प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक भर्ती में अवसर देने की तैयारी है। शिक्षा सेवा चयन आयोग ने नियमावली में संशोधन का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग करेगा भर्ती
बता दें कि सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापक भर्ती में राजकीय स्कूल के शिक्षक ही मान्य थे। एडेड कॉलेज में 2013 के बाद से प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक की भर्ती नहीं हुई है। जब भी भर्ती आने वाली है उसमें लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों के आधार पर चयन होगा। पहले 1998 तक टीजीटी को प्रधानाचार्य भर्ती के लिए योग्य माना जाता था। लोक सेवा आयोग की शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की नियमावली में एक संशोधन के बाद यह व्यवस्था बदल गई थी।
शिक्षा सेवा चयन आयोग नियमावली संशोधन के बाद भर्ती करेगा। सूत्रों के अनुसार एडेड इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य भर्ती के लिए प्रवक्ता और प्रधानाध्यापक हाईस्कूल के साथ ही प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) को भी अवसर मिलेगा। इसके अलावा प्रधानाध्यापक हाईस्कूल की भर्ती में भी टीजीटी और प्रधानाध्यापक जूनियर हाईस्कूल के अलावा प्रवक्ता को भी मान्य करने का प्रस्ताव भेजा गया है।
प्रवक्ता भर्ती: मुख्य परीक्षा का प्रवेशपत्र जारी
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी)-2025 की मुख्य परीक्षा 30 अगस्त को लखनऊ और प्रयागराज में होगी। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार प्रयागराज में परीक्षा की पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक होगी। 31 अगस्त को जनपद लखनऊ स्थित लोक सेवा आयोग के शिविर कार्यालय, सेक्टर-डी, अलीगंज के परीक्षा हाल में मनोविज्ञान और अपराध विज्ञान एवं दंड शास्त्र विषयों की परीक्षा होगी। पहली पाली में समाजशास्त्र, भूगोल, वाणिज्य, मनोविज्ञान, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, इतिहास, जीव विज्ञान, हिंदी, उर्दू संस्कृत समेत कुल 15 विषयों की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में 13 विषयों के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
