Special TET Answer key: उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के लिए आयोजित विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी स्पेशल टीईटी की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी गई है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब अपना अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर आयोग की वेबसाइट पर लॉगिन करके अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार, परीक्षा से संबंधित अभ्यर्थी आयोग के पोर्टल पर उपलब्ध ऑनलाइन लिंक के माध्यम से अपना अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर लॉगिन कर सकते हैं। लॉगिन के बाद अभ्यर्थी अपने प्रश्नपत्र और मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी के आधार पर दिए गए उत्तरों का मिलान कर सकेंगे।
यूपी स्पेशल टीईटी की आंसर की जारी
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से स्पेशल टीईटी का आयोजन 3 नवंबर को किया गया था। यह लिखित परीक्षा प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों में दो पालियों में संपन्न हुई थी। परीक्षा में कुल 93,681 शिक्षकों ने भाग लिया था। अगर किसी अभ्यर्थी को मास्टर सेट की प्रोविजनल आंसर-की में दिए गए किसी उत्तर पर आपत्ति है या उसे किसी प्रश्न के उत्तर में त्रुटि अथवा तथ्यात्मक गलती नजर आती है, तो वह ऑनलाइन माध्यम से अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 5 नवंबर से शुरू हो गई है और 12 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक जारी रहेगी।
स्पेशल टीईटी में शामिल शिक्षकों के लिए यह प्रक्रिया काफी महत्वपूर्ण है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने प्रश्नों और उत्तरों का ध्यान से मिलान करें। यदि किसी उत्तर को लेकर कोई ठोस आपत्ति है, तो निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराएं। आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के मुताबिक, उत्तरकुंजी में किसी प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को आपत्ति दर्ज करते समय अपने दावे के समर्थन में आवश्यक दस्तावेज और प्रमाण भी उपलब्ध कराने होंगे।
आपत्तियों की समीक्षा के बाद आयोग की ओर से अंतिम उत्तरकुंजी जारी की जाएगी। इसके आधार पर परीक्षा के परिणाम की आगे की प्रक्रिया पूरी होगी। ऐसे में सभी अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और आगे जारी होने वाले नोटिस पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
