Scholarship for UG PG Students: ओडिशा में हायर एजुकेशन के लिए स्कॉलरशिप की घोषणा हुई है। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को अंडर ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजना शुरू की। अधिकारियों ने कहा कि 'नूतन उन्नति अभिलाषा ओडिशा' योजना के तहत छात्रों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस स्कॉलरशिप का उद्देश्य राज्य के युवाओं को सशक्त बनाना और उन्हें अपनी पढ़ाई आगे बढ़ाने में मदद करना है।
स्कॉलरशिप स्कीम लॉन्च
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत की। वहीं वरिष्ठ अधिकारी वीके पांडियन संबलपुर, अंगुल और देवगढ़ में कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नई स्कॉलरशिप स्कीम की जानकारी साझा की है।
कितनी मिलेगी स्कॉलरशिप?
ओडिशा सरकार की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, 57 कॉलेजों के छात्रों को स्कॉलरशिप से जोड़ा जाएगा। पांडियन ने कहा कि सामान्य और ओबीसी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति राशि क्रमशः 9,000 रुपये और 10,000 रुपये है। वहीं, एससी-एसटी छात्रों के लिए 10,000 रुपये और निर्माण श्रमिक छात्रों के लिए 11,000 रुपये है।
पांडियन ने कहा कि सभी पात्र छात्रों को 5 मार्च तक उनके बैंक खातों में छात्रवृत्ति राशि मिल जाएगी। तीनों जिलों के कुल 28,112 छात्रों को सोमवार को उनके बैंक खातों में छात्रवृत्ति राशि प्राप्त हुई है। साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की अगली पहल 'नबीन ओडिशा मैजिक कार्ड' होगी। यह एक अंक-आधारित स्मार्ट कार्ड है जो युवाओं को संलग्न और सशक्त बनाएगा।
युवाओं के लिए मैजिक कार्ड
छात्रों की सुविधा के लिए 'नबीन ओडिशा मैजिक कार्ड' जारी किया जाएगा। यह कार्ड विभिन्न सुविधाओं तक पहुंच प्रदान करेंगे जैसे बस, ट्रेन और फ्लाइट टिकटों के किराए में रियायत, फोन रिचार्ज, ऑनलाइन शैक्षणिक पाठ्यक्रम, ट्यूशन कक्षाएं, सीखने के दौरान कमाई के अवसर, स्वयंसेवा के अवसर और राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मैचों के दौरान स्टेडियम तक पहुंचने में भी मदद करेंगे।
