रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) जल्द ही ग्रुप-डी के करीब 30 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर सकता है। इसके लिए विभिन्न रेलवे भर्ती बोर्डों से रिक्तियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। पटना, मुजफ्फरपुर और रांची आरआरबी ने अपनी ओर से रिक्तियां भेज दी हैं। रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह अच्छी खबर है। माना जा रहा है कि छठ पर्व से पहले भर्ती का विज्ञापन जारी हो सकता है। हालांकि, अभी रेलवे की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है।
रेलवे ग्रुप डी के 30 हजार पदों पर भर्ती
अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखने की सलाह
रेलवे भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को सलाह दी गई है कि वे आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भर्ती से जुड़ी जानकारी देखें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट खबरों और अफवाहों से बचें। आवेदन की तारीख, पदों का विवरण, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता और परीक्षा पैटर्न की जानकारी आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही सामने आएगी। करीब 30 हजार पदों पर भर्ती की संभावना से रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं को एक और अवसर मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस भर्ती के तहत ट्रैक मेंटेनर, पॉइंट्समैन और विभिन्न विभागों में सहायक के पदों पर नियुक्तियां की जा सकती हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए सभी जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों से रिक्तियों का विवरण मांगा गया है। रिक्तियों की संख्या और पदों का अंतिम ब्योरा मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
15 लाख से अधिक आवेदन की उम्मीद
ग्रुप-डी भर्ती में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। अनुमान है कि इस बार करीब 15 लाख या उससे अधिक आवेदन आ सकते हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश के युवाओं की भी इस भर्ती में बड़ी भागीदारी रहने की उम्मीद है। रेलवे की पिछली भर्तियों में भी इन राज्यों से बड़ी संख्या में आवेदन किए गए थे।
दिसंबर तक जारी हो सकता है विज्ञापन
आरआरबी अधिकारियों के अनुसार, नवंबर से दिसंबर के बीच ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। यदि दिसंबर में विज्ञापन जारी होता है तो अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए पर्याप्त समय मिल सकता है। इसके बाद भर्ती परीक्षा की तैयारी शुरू होगी। हालांकि, परीक्षा की तारीख और चयन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में ही स्पष्ट होगी।
