RIMC Admission 2026: अगर आप चाहते हैं कि आपका बच्चा भविष्य में भारतीय सेना, नौसेना या वायुसेना का हिस्सा बने और देश की सेवा करे, तो उसकी सही शुरुआत राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (RIMC), देहरादून से हो सकती है। यह संस्थान न केवल पढ़ाई पर जोर देता है बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सैन्य जीवन के लिए आवश्यक गुण भी विकसित करता है। यहां से पढ़कर पासआउट होने वाले छात्र आगे चलकर राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) और भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में दाखिला लेकर अफसर बनते हैं।
RIMC Admission 2026
हाल ही में दिल्ली सरकार ने घोषणा की है कि RIMC में जुलाई 2026 सत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक छात्र rimc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस बार प्रवेश परीक्षा 7 दिसंबर 2025 को दिल्ली में आयोजित की जाएगी। यह उन छात्रों के लिए एक बेहतरीन अवसर है, जो इस प्रतिष्ठित कॉलेज में पढ़ाई का सपना देखते हैं।
पात्रता और आयु सीमा
इस प्रवेश प्रक्रिया के तहत केवल वही छात्र आवेदन कर सकते हैं जिनकी आयु 1 जुलाई 2026 तक कम से कम 11 साल 6 महीने और अधिकतम 13 साल हो। इसके अनुसार, आवेदन करने वाले का जन्म 2 जुलाई 2013 से 1 जनवरी 2015 के बीच हुआ होना चाहिए।
शैक्षणिक योग्यता
- आवेदक वर्तमान में कक्षा 7 में अध्ययनरत हो, या
- मान्यता प्राप्त विद्यालय से कक्षा 7 उत्तीर्ण कर चुका हो।
आवेदन प्रक्रिया
ऑनलाइन मोड – छात्र rimc.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
डिमांड ड्राफ्ट – निर्धारित शुल्क जमा कर RIMC से ऑफलाइन आवेदन पत्र मंगवाया जा सकता है।
आवेदन शुल्क
- सामान्य वर्ग के छात्रों को आवेदन शुल्क ₹600 जमा करना होगा।
- अनुसूचित जाति/जनजाति के छात्रों के लिए यह शुल्क ₹555 है (इसके साथ जाति प्रमाणपत्र संलग्न करना अनिवार्य है)।
यह ध्यान रखना जरूरी है कि केवल RIMC द्वारा जारी किए गए होलोग्रामयुक्त आधिकारिक फॉर्म ही मान्य होंगे। किसी भी प्रकार की फोटोकॉपी या स्थानीय स्तर पर प्रिंट किए गए फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन पत्र और आवश्यक दस्तावेजों को सही तरीके से भरकर 15 अक्टूबर 2025 तक दिल्ली शिक्षा निदेशालय के परीक्षा सेल में जमा करना अनिवार्य है।
