Success Story: भारत भूमि ऐसी भूमि है जहां पैदा होने वाले लोग दुनिया की किसी भी कोने में चले जाएं, वहां भी अपनी प्रतिभा और संस्कृति का झंडा गाड़ देते हैं। हाल ही में राजस्थान के एक युवा ने लंदन में देश का नाम रोशन किया है। राजस्थान के रहने वाले शांतनु राव को ब्रिटिश संसद में ग्लोबल ब्रिलियंस फोरम समिट एवं अवॉर्ड्स 2025 के दौरान 'आउटस्टैंडिंग स्टूडेंट अचीवमेंट' अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। भारतीय शांतनु राव वर्तमान में क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी लंदन में अंतिम वर्ष के छात्र हैं और प्रवासी भारतीय छात्रों की मदद के लिए काम करते हैं। यह उपलब्धि पूरे भारत के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
राजस्थान के शांतनु राव को लंदन में अवॉर्ड
बता दें कि ऐतिहासिक ब्रिटिश संसद भवन (UK Parliament) में इस कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें भारत सहित विश्वभर के प्रतिष्ठित, नीति-निर्माताओं, उद्योगपतियों, न्यायविदों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं समाजसेवियों ने भाग लिया।
किन उपलब्धियों के लिए मिला अवॉर्ड
शांतनु राव ने अपनी पढ़ाई के साथ-साथ विदेश में आने वाले छात्रों को रहने के लिए उचित आवास दिलाने में मदद करते हैं। वहीं, पार्ट टाइम जॉब की जानकारी एवं मार्गदर्शन देने के साथ छात्र, लंदन में रह रहे भारतीय छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक सपोर्ट के लिए काम करते हैं। शांतनु ने यह पुरस्कार अपने पिता प्रेम सिंह राव को समर्पित करते हुए कहा कि मदद करने का यह भाव पिता से मिला है। समिट के दौरान ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर की भारत यात्रा और भारत–यूके मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर आधारित एक विशेष पैनल चर्चा आयोजित की गई।
कहां से हासिल की एजुकेशन
शांतनु राव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जोधपुर के चोपासनी स्कूल से हासिल की। 7वीं कक्षा तक यहां से पढ़ने के बाद वह शिमला के प्रसिद्ध बिशप कॉटन स्कूल पहुंचे और यहीं से उन्होंने 12वीं की परीक्षा पास की। इसके बाद उन्होंने लंदन के क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया। यहां से वह बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे हैं।
