Pariksha Pe Charcha 2025: भारत ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ‘परीक्षा पे चर्चा 2025’ कार्यक्रम के तहत MyGov और शिक्षा मंत्रालय (भारत सरकार) ने मिलकर एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। यह रिकॉर्ड एक महीने में किसी नागरिक मंच पर सबसे अधिक रजिस्ट्रेशन के लिए दिया गया है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इस रिकॉर्ड को 4 अगस्त 2025 को नई दिल्ली में आधिकारिक रूप से मान्यता दी। इस मौके पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Pariksha Pe Charcha (Photo Credit: X/@dpradhanbjp)
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करते हुए बताया कि परीक्षा पे चर्चा 2025 के लिए एक महीने में 3 करोड़ 53 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके अलावा परीक्षा पे चर्चा 2025 को देशभर में 21 करोड़ से ज्यादा लोगों ने टीवी, इंटरनेट और सोशल मीडिया पर देखा।
उन्होंने कहा कि परीक्षा पे चर्चा सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं बल्कि यह एक राष्ट्रव्यापी अभियान बन गया है, जो बच्चों को आत्मविश्वास और तनाव मैनेजमेंट की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा इस कामयाबी का श्रेय देश के हर छात्र, माता-पिता, शिक्षक और स्कूलों को जाता है, जिन्होंने इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
‘परीक्षा पे चर्चा’ एक ऐसा कार्यक्रम है जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से संवाद करते हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य परीक्षा के तनाव को कम करना और छात्रों को आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित करना है।
