NTPC Electron Quiz: देश की सबसे बड़ी एकीकृत बिजली कंपनी एनटीपीसी (NTPC) की प्रतिष्ठित 'इलेक्ट्रॉन क्विज 2026-27' का नेशनल फाइनल 8 अक्टूबर 2026 को संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में आईआईटी मद्रास (IIT Madras) के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला और दूसरा स्थान हासिल किया।आईआईटी मद्रास के 'अद्विक काबरा' और 'आशीष चेरियन थानिकल' की जोड़ी राष्ट्रीय विजेता बनी। वहीं, आईआईटी मद्रास के ही 'श्रीराम माधवन वी' और 'ईशान जोशी' दूसरे स्थान पर रहे, जबकि आईआईटी कानपुर के 'वकार मोइद' और पार्थ आर्य भट' ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इलेक्ट्रॉन क्विज 2026-27
विजेताओं को मिले नकद पुरस्कार
नेशनल फिनाले में पहले स्थान पर रही विजेता टीम को 1,00,000 रुपये, दूसरे स्थान वाली टीम को 60,000 रुपये और तीसरे स्थान वाली टीम को 40,000 रुपये का नकद इनाम दिया गया। चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को 16,000-16,000 रुपये और बाकी 12 फाइनलिस्ट टीमों को 8,000-8,000 रुपये देकर सम्मानित किया गया।
देशभर से 1,100 से अधिक टीमों ने लिया हिस्सा
इस क्विज की शुरुआत 5 सितंबर को लखनऊ में रीजनल राउंड से हुई थी। इसके बाद लखनऊ, पटना, रांची, रायपुर, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता और नोएडा समेत 9 शहरों में जोनल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस साल देशभर से 1,100 से ज्यादा टीमों ने इसमें भाग लिया, जिससे यह इस आयोजन का अब तक का सबसे बड़ा संस्करण बन गया। रीजनल स्तर पर भी शीर्ष छह टीमों को नकद पुरस्कार दिए गए।
सीखने की ललक बनाए रखें युवा: अनिल कुमार जाडली
कार्यक्रम में पहुंचे एनटीपीसी के निदेशक (मानव संसाधन) अनिल कुमार जाडली ने विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे हमेशा नई चीजें सीखने की ललक बनाए रखें। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी अब केवल पारंपरिक बिजली तक सीमित न रहकर एक एकीकृत ऊर्जा कंपनी बन रही है, और युवाओं को भी बदलाव को स्वीकार कर आगे बढ़ने की सीख लेनी चाहिए।
इस मौके पर एनटीपीसी के कार्यकारी निदेशक (एचआर) एस. एन. पाणिग्रही, कार्यकारी निदेशक (रणनीतिक एचआरडी) प्रेमलता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वर्ष 2004 से शुरू हुई यह इलेक्ट्रॉन क्विज 'बिजनेस और मैनेजमेंट' थीम पर आधारित है, जिसका मकसद कॉलेज के छात्रों में ज्ञान, जिज्ञासा और बौद्धिक क्षमता को बढ़ावा देना है।
