NEET SS Counseling 2026: मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने नीट एसएस (NEET SS) काउंसलिंग को लेकर एक महत्वपूर्ण नोटिस जारी किया है, जो देश भर के सुपर स्पेशलिटी मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, राउंड 1 में सीट पाने वाले उम्मीदवार बिना किसी पेनल्टी के और अपनी सिक्योरिटी डिपॉजिट राशि बचाते हुए अपनी अलॉट की गई सीट से इस्तीफा दे सकते हैं। यह सुविधा विशेष रूप से उन अभ्यर्थियों के लिए बेहद उपयोगी है जिन्हें किसी राज्य या अन्य काउंसलिंग में बेहतर विकल्प मिल गया है या जो किसी अन्य वजह से आवंटित सीट पर दाखिला नहीं लेना चाहते हैं।
इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए उम्मीदवारों को अपने संबंधित आवंटित मेडिकल कॉलेज में खुद उपस्थित होकर कागजी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी और जमा किए गए अपने मूल शैक्षणिक दस्तावेज वापस लेने होंगे। अभ्यर्थियों को यह पूरी प्रक्रिया 4 अगस्त 2026 की शाम 5 बजे तक संपन्न करानी अनिवार्य होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: NEET PG 2026: नीट पीजी आवेदन फॉर्म में सुधार करने का मौका, जानें कब तक कर सकेंगे बदलाव
बिना वित्तीय नुकसान के छोड़ सकेंगे सीट
तय समय सीमा बीत जाने के बाद रिपोर्ट न करने वाले अभ्यर्थियों की सीट अपने आप निरस्त मानी जा सकती है। ध्यान रखें कि बिना वित्तीय नुकसान के सीट छोड़ने का यह विशेष नियम केवल नीट एसएस के राउंड 1 पर ही लागू होता है, आगे के चरणों में यह छूट नहीं मिलेगी।
इस्तीफे की आधिकारिक वैधता को लेकर MCC ने स्पष्ट निर्देश जारी किया है कि केवल कॉलेज में जाकर लिखित या ऑफलाइन आवेदन जमा करना पर्याप्त नहीं माना जाएगा। इस्तीफा तभी मान्य होगा जब संबंधित कॉलेज के नोडल अधिकारी MCC के आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन करके ऑनलाइन रेजिग्नेशन लेटर जनरेट करेंगे। उम्मीदवारों को यह भली-भांति जांच लेना चाहिए कि कॉलेज द्वारा पोर्टल पर ऑनलाइन रेजिग्नेशन स्लिप जनरेट कर दी गई है। इस स्लिप को प्राप्त करने के बाद ही अभ्यर्थी अपने ओरिजिनल डॉक्यूमेंट्स और फीस रिसीप्ट वापस प्राप्त करें, क्योंकि इसके बिना ऑनलाइन सिस्टम में सीट खाली नहीं दिखाई देगी।
ये भी पढ़ें
अक्सर छात्र कॉलेज प्रशासन को केवल हस्तलिखित आवेदन पत्र देकर आ जाते हैं और सोचते हैं कि प्रक्रिया पूरी हो गई। यदि कॉलेज नोडल अधिकारी ने एमसीसी पोर्टल पर ऑनलाइन 'Seat Resign' का विकल्प दर्ज नहीं किया, तो सिस्टम में आप एडमिशन ले चुके अभ्यर्थी ही माने जाएंगे। इसलिए जब तक हाथ में पोर्टल से जनरेटेड रसीद न आ जाए, तब तक कॉलेज परिसर न छोड़ें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: DU PG Admission 2026: स्पॉट राउंड-I की मिनिमम कटऑफ जारी, 1358 छात्रों को मिली सीट
