NEET Re Exam: आज यानी 21 जून, रविवार को नीट यूजी की परीक्षा आयोजित की जा रही है। मुंबई के परेल स्थित महर्षि दयानंद कॉलेज में नीट री एग्जाम 2026 परीक्षा के दौरान काफी भावुक और तनावपूर्ण माहौल नर आया। यहां दो छात्रों को सिर्फ दो मिनट की देरी से पहुंचने के कारण परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। छात्रों और उनके अभिभावकों ने अधिकारियों से मानवीय आधार पर उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति देने की अपील की, लेकिन नियमों का हवाला देते हुए प्रशासन ने उनकी मांग स्वीकार नहीं किया।
NEET Re Exam 2026: दो मिनट देरी के चलते नीट री एग्जाम में छात्रों को नहीं मिली एंट्री
जानकारी के मुताबिक डोंबिवली निवासी शिवम और कुर्ला का एक अन्य छात्र निर्धारित समय से कुछ मिनट बाद परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। दोनों छात्रों को गेट पर ही रोक दिया गया। एक छात्र को प्रवेश न मिलने के बाद रोते हुए भी देखा गया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद अन्य अभिभावक भी छात्रों के समर्थन में आगे आए और अधिकारियों से विशेष अनुमति देने का अनुरोध किया।
हालांकि, अधिकारियों ने परीक्षा के नियमों और कानूनों का हवाला देते हुए कोई भी छूट देने से इनकार कर दिया। इस घटना के कारण री-नीट परीक्षा केंद्र के बाहर तनावपूर्ण माहौल बन गया और कुछ समय तक बहस और अपील का दौर चलता रहा।
1:30 के बाद उम्मीदवारों को नहीं दी गई एंट्री
NTA के निर्देशों के अनुसार, उम्मीदवारों को अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच रिपोर्ट करने की सलाह दी गई थी, क्योंकि सभी परीक्षा केंद्रों के एंट्री गेट दोपहर 1:30 बजे बंद होने वाले थे। एनटीए ने छात्रों को पहले से ही बताया था कि एंट्री गेट ठीक 1:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे और किसी भी परिस्थिति में किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। री नीट 2026 परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जा रही है। इस साल छात्रों को मुआवज़े के तौर पर 15 मिनट अतिरिक्त दिए गए थे।
देश की सबसे बड़ी मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम
बता दें नी यूजी देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में से एक है। इसके माध्यम से सरकारी और निजी मेडिकल, डेंटल तथा AYUSH संस्थानों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है।
