MHT CET 2026 Final Merit List: महाराष्ट्र स्टेट कॉमन एंट्रेंस टेस्ट 2026 के तहत बीई और बीटेक पाठ्यक्रमों में प्रवेश का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। स्टेट कॉमन एंट्रेंस टेस्ट सेल ने MHT CET 2026 की फाइनल मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। इसके साथ ही सेंट्रलाइज्ड एडमिशन प्रोसेस (CAP) राउंड-1 के लिए ऑप्शन एंट्री (चॉइस फिलिंग) प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। अब मेरिट लिस्ट में शामिल उम्मीदवार अपने पसंदीदा कॉलेज और ब्रांच का चयन ऑनलाइन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते ऑप्शन एंट्री पूरी करें और प्रवेश से जुड़ी सभी आधिकारिक सूचनाओं पर नियमित नजर बनाए रखें।
महाराष्ट्र स्टेट कॉमन एंट्रेंस टेस्ट फाइनल मेरिट लिस्ट जारी
बता दें कि MHT CET के माध्यम से महाराष्ट्र के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीई और बीटेक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है। ऐसे में फाइनल मेरिट लिस्ट जारी होने और CAP राउंड-1 की शुरुआत के साथ राज्य में इंजीनियरिंग प्रवेश प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण शुरू हो गया है।
30 जुलाई तक चलेगी प्रक्रिया
अधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, CAP राउंड-1 के लिए ऑप्शन एंट्री की प्रक्रिया 28 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक चलेगी। इस दौरान उम्मीदवारों को अपने लॉगिन आईडी और पासवर्ड की मदद से CAP पोर्टल पर जाकर कॉलेज और ब्रांच की प्राथमिकताएं भरनी होंगी। सीट आवंटन पूरी तरह उम्मीदवार की मेरिट रैंक, आरक्षण श्रेणी और भरी गई प्राथमिकताओं के आधार पर किया जाएगा। इसलिए छात्रों को सलाह दी गई है कि वे विकल्प भरते समय पूरी सावधानी बरतें और अधिक से अधिक उपयुक्त कॉलेजों का चयन करें।
2 अगस्त तक सीट आवंटन का रिजल्ट
काउंसलिंग के अगले चरण में CAP राउंड-1 का प्रोविजनल सीट आवंटन परिणाम 2 अगस्त 2026 को जारी किया जाएगा। जिन उम्मीदवारों को सीट आवंटित होगी, उन्हें निर्धारित समय के भीतर सीट स्वीकार करनी होगी, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा और संबंधित संस्थान में रिपोर्ट करके प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यदि किसी उम्मीदवार को पहली पसंद का कॉलेज नहीं मिलता है, तो वह अगले CAP राउंड में भी भाग ले सकेगा।
आगे क्या करें छात्र
मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद उम्मीदवार सबसे पहले अपनी रैंक और व्यक्तिगत जानकारी की जांच करें। यदि मेरिट लिस्ट में कोई त्रुटि नहीं है, तो निर्धारित समय के भीतर ऑप्शन फॉर्म भरना जरूरी होगा। विशेषज्ञों का कहना है कि केवल शीर्ष कॉलेजों का चयन करने के बजाय छात्रों को अपनी रैंक के अनुसार सुरक्षित, मध्यम और उच्च प्राथमिकता वाले कॉलेजों का संतुलित विकल्प चुनना चाहिए, ताकि सीट मिलने की संभावना बढ़ सके।
