KVS Admission Result 2026 27: केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एडमिशन प्रक्रिया के तहत रजिस्ट्रेशन चरण पूरा कर लिया है और अब अभिभावकों की नजरें एडमिशन लिस्ट पर टिकी हैं। बालवाटिका-1, बालवाटिका-2, बालवाटिका-3 और कक्षा 1 के लिए ऑनलाइन आवेदन 20 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक स्वीकार किए गए थे। प्रवेश प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से होगी, जिसमें सबसे पहले RTE श्रेणी के बच्चों को मौका मिलेगा, इसके बाद सेवा प्राथमिकता श्रेणी I और II के उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
पहली प्रोविजनल एडमिशन लिस्ट 8 और 9 अप्रैल को,
बालवाटिका-1, 2 (जहां लागू हो) और 3 के लिए पहली प्रोविजनल सूची 8 अप्रैल 2026 को जारी की जाएगी, जबकि कक्षा 1 की पहली सूची 9 अप्रैल को आएगी। हालांकि, Assam, Kerala और Puducherry में चुनावी मतदान के कारण दोनों कक्षाओं की सूची 10 अप्रैल को जारी होगी।
सीट खाली रह जाने पर क्या होगा
यदि पहली सूची के बाद सीटें खाली रहती हैं, तो KVS दूसरी और तीसरी प्रोविजनल सूची जारी करेगा। दूसरी सूची 16 अप्रैल 2026 को और तीसरी सूची 21 अप्रैल 2026 को घोषित की जाएगी, जिससे उपलब्ध सीटों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
अगर ऑनलाइन प्रक्रिया में पर्याप्त आवेदन नहीं मिलते हैं, तो KVS 21 अप्रैल 2026 को RTE, SC, ST और OBC (NCL) वर्गों के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सूचना जारी कर सकता है। ऑफलाइन एडमिशन से जुड़ी सूची और प्रवेश प्रक्रिया 27 से 30 अप्रैल 2026 के बीच पूरी की जाएगी।
कक्षा 11 में एडमिशन कब से शुरू होंगे
कक्षा 11 में एडमिशन, कक्षा 10 के बोर्ड परिणाम घोषित होने के बाद शुरू होंगे। KVS के वर्तमान छात्र रिजल्ट आने के 10 दिनों के भीतर आवेदन कर सकेंगे, जबकि एडमिशन सूची 20 दिनों के अंदर जारी कर दी जाएगी। इस कक्षा में प्रवेश की अंतिम समय सीमा बोर्ड रिजल्ट के 30 दिनों के भीतर तय की गई है।
कक्षा 11 को छोड़कर बाकी सभी कक्षाओं के लिए एडमिशन की अंतिम तारीख 30 जून 2026 है। यदि इसके बाद भी सीटें खाली रहती हैं, तो संबंधित डिप्टी कमिश्नर की अनुमति से 31 जुलाई 2026 तक प्रवेश दिया जा सकता है। सभी अपडेट और एडमिशन लिस्ट आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेंगी।
