"What's your dream job?" इंटरव्यू सवाल का कैसे दें जवाब? जानें सटीक आंसर का सीक्रिट फॉर्मूला

जॉब इंटरव्यू के दौरान Whats your dream job सवाल सुनने पर अटपटा लगता है। लेकिन यह सवाल उम्मीदवारों की रुचि और स्किल्स के बारे में जानने के लिए जरूरी माना जाता है। इसका आंसर करने तैयार करने के लिए आपको एक सीक्रेट फार्मूला का इस्तेमाल करना चाहिए। आइए जानते हैं विस्तार में।

Interviews Question Answer: जॉब इंटरव्यू के दौरान हायरिंग मैनेजर अक्सर एक ऐसा सवाल पूछते हैं जो सुनने में बेहद आसान लगता है, लेकिन इसका गलत या भटका हुआ जवाब आपकी दावेदारी कमजोर कर सकता है। ऐसा ही एक सवाल है—"What’s your dream job?"(आपकी ड्रीम जॉब क्या है?)। इस प्रश्न का मकसद आपकी कल्पनाओं की दुनिया जानना नहीं, बल्कि यह समझना होता है कि आपके करियर लक्ष्य, कार्यशैली और रुचियां उस भूमिका (Job Role) से कितनी मेल खाती हैं। यदि आप किसी बिल्कुल अलग पेशे का नाम ले लें, तो रिक्रूटर को लग सकता है कि आप इस नौकरी में टिकेंगे नहीं या फिर आप बस नौकरी करने के लिए यह कर रहे हैं, जबकि आपका इंटरेस्ट कहीं और है। ऐसी स्थिति में एक सटीक जवाब तैयार करना जरूरी है, जो नौकरी के लिए आपकी दावेदारी बेहतर और मजबूत दिखा सके।

Whats your dream job

Whats your dream job इंटरव्यू सवाल का कैसे दें जवाब (Photo - Canva)

इंटरव्यूअर यह सवाल क्यों पूछते हैं?

इस प्रश्न के पीछे रिक्रूटर की तीन मुख्य अपेक्षाएं छिपी होती हैं -

रोल के साथ तालमेल - कंपनी यह देखना चाहती है कि जिस पद के लिए आप आवेदन कर रहे हैं, उसमें काम करने की आपकी वास्तविक रुचि है या नहीं।

दीर्घकालिक स्थिरता - कोई भी संगठन ऐसे उम्मीदवार को चुनना चाहता है जो उस क्षेत्र में सीखने और आगे बढ़ने की इच्छा रखता हो, न कि इसे केवल एक अस्थायी विकल्प मान रहा हो।

प्रेरणा के स्रोत - आपके जवाब से पता चलता है कि आपको किस तरह का काम ऊर्जा देता है—जैसे समस्या सुलझाना, टीम के साथ काम करना, रचनात्मकता या डेटा के आधार पर निर्णय लेना।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - "What Makes You Unique?" इंटरव्यू सवाल का कैसे दें जवाब?

सटीक आंसर तैयार करने का 3-स्टेप 'सीक्रेट फार्मूला'

किसी विशेष पद का नाम रटने के बजाय अपने उत्तर को “कौशल + प्रभाव + विकास (Skills + Impact + Growth)” के इस आसान फार्मूले पर तैयार करें -

1. काम के प्रकार और कौशलों का जिक्र करें

किसी एक पद के नाम के बजाय उन जिम्मेदारियों पर बात करें जिन्हें निभाना आपको पसंद है—जैसे जटिल समस्याओं को हल करना, ग्राहकों को बेहतर अनुभव देना, नई तकनीक सीखना या टीम के साथ मिलकर लक्ष्य हासिल करना।

2. काम के सकारात्मक प्रभाव को जोड़ें

यह बताएं कि आप अपने काम से किस तरह का बदलाव या परिणाम लाना चाहते हैं, जैसे प्रक्रियाओं को तेज बनाना, व्यवसाय की वृद्धि में योगदान देना या उपयोगकर्ताओं के लिए उपयोगी समाधान तैयार करना।

3. अपने उत्तर को मौजूदा जॉब रोल से जोड़ें

अंत में स्पष्ट करें कि जिस पद के लिए आप इंटरव्यू दे रहे हैं, उसमें ये सभी तत्व मौजूद हैं और यही कारण है कि आप इस अवसर को लेकर उत्साहित हैं।

सिंपल और असरदार सैंपल जवाब

ऊपर दिए फॉर्मूला पर तैयार किए गए सिंपल आंसर उम्मीदवारों की दावेदारी मजबूत करते हैं साथ ही इंटरव्यूअर पर भी इसका प्रभाव अधिक होता है। नीचे दिए गए उदाहरण के माध्यम से आप अपने जवाब तैयार कर सकते हैं।

फ्रेशर उम्मीदवार के लिए

"मेरी ड्रीम जॉब ऐसी भूमिका है, जहां मुझे लगातार नई चीजें सीखने, अपनी एनालिटिकल और कम्युनिकेशन स्किल्स का उपयोग करने और एक सहयोगी टीम के साथ मिलकर वास्तविक समस्याओं को हल करने का अवसर मिले। मुझे ऐसा वातावरण पसंद है जहां शुरुआती स्तर से ही जिम्मेदारियां मिलें और मेरे काम का सीधा सकारात्मक असर दिखे। जब मैंने इस पद का डिस्क्रिप्शन पढ़ा, तो मुझे लगा कि यह भूमिका मेरी सीखने की इच्छा और स्किल्स के लिए पूरी तरह मेल खाती है।"

अनुभवी प्रोफेशनल के लिए

"मेरे लिए ड्रीम जॉब वह है, जहां मैं अपने पिछले अनुभव का उपयोग करते हुए रणनीति और क्रियान्वयन दोनों में योगदान दे सकूं। मुझे ऐसे प्रोजेक्ट्स पर काम करना पसंद है जिनमें डेटा की समझ, टीम समन्वय और ग्राहकों की जरूरतों को बेहतर बनाने की गुंजाइश हो। यह भूमिका मुझे न केवल अपनी मौजूदा क्षमताओं का उपयोग करने का मंच देती है, बल्कि दीर्घकालिक रूप से नेतृत्व और कौशल विकास के अवसर भी प्रदान करती है।"

क्रिएटिव या कम्युनिकेशन रोल के लिए

"मेरी ड्रीम जॉब एक ऐसी भूमिका है, जहां रचनात्मकता और स्पष्ट संवाद के जरिए जटिल विषयों को आम लोगों के लिए आसान और उपयोगी बनाया जा सके। मुझे ऐसे काम में सबसे ज्यादा संतुष्टि मिलती है जहां गुणवत्ता, शोध और समय-सीमा का संतुलन हो और पाठकों या उपयोगकर्ताओं तक सार्थक जानकारी पहुंचे। इस पद की जिम्मेदारियां बिल्कुल उसी दिशा में हैं।"

जवाब देते समय किन गलतियों से बचें?

दि आप डेटा एनालिस्ट या मार्केटिंग रोल के लिए इंटरव्यू दे रहे हैं, तो यह न कहें कि आपका सपना एक्टर, शेफ या ट्रैवल ब्लॉगर बनना है। गलत हो सकता है। ऐसे उत्तर आपकी दावेदारी कमजोर कर सकते हैं। इसके साथ ही "मुझे नहीं पता" या सिर्फ सैलरी पर आधारित जवाब देने से बचें, क्योंकि ऐसा उत्तर आपकी करियर स्पष्टता की कमी दिखाता है। केवल कंपनी की तारीफ करने के बजाय अपने वास्तविक कौशलों और काम की प्रकृति पर ध्यान केंद्रित करें।

End Article
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर...

End of Feed