Interview Question Answer: आप इंटरव्यू की मेज पर बैठे हैं, सब सही चल रहा है आप आत्मविश्वास के साथ सभी सवालों के लगातार बिना झिझके सटीक जवाब दे रहे हैं। लेकिन तभी अचानक इंटरव्यूअर आपसे एक मंद मुस्कान के साथ सवाल करते हैं कि "Can you explain this gap in your resume?" (क्या आप अपने रिज्यूमे के इस गैप को समझा सकते हैं?)। यह वह पल होता है जब अनुभवी से अनुभवी उम्मीदवारों का आत्मविश्वास तक डगमगा जाता है।
Can You Explain this Gap in Your Resume सवाल का कैसे दें जवाब (Photo - AI/Newsroom Verified)
बता दें कि रिज्यूम में करियर गैप एक सामान्य बात है, लेकिन इंटरव्यू में इसका सामना कैसे किया जाए, यह बहुत महत्वपूर्ण है। एक गलत या डिफेंसिव आंसर आपको अयोग्य साबित कर सकता है। वहीं एक स्मार्ट, सच्चा और पॉजिटिव आंसर न केवल इस गैप को आपके लिए एक ढाल बना सकता है, बल्कि आपकी दावेदारी को और मजबूत करने का काम भी करता है। तो आइए जानते हैं कि इस कठिन सवाल का सामना करने का सही तरीका क्या है?
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - ‘Why Are You Leaving Your Current Job’ सवाल का इंटरव्यू में कैसे दें जवाब? जानें सफलता के असरदार टिप्स
रिज्यूमे का गैप कोई समस्या नहीं
सबसे पहले तो आपके लिए यह समझना जरूरी है कि इंटरव्यूअर यह सवाल आपकी आलोचना करने के लिए नहीं, बल्कि यह समझने के लिए पूछते हैं कि आपने उस समय का उपयोग कैसे किया। वे आपकी ईमानदारी, निर्णय लेने की क्षमता और सीखने की ललक को परखते हैं। एक गलत उत्तर जैसे "मैं बस आराम कर रहा था" या कोई अन्य झूठ बोलना, आपको अयोग्य ठहरा सकता है। अक्सर इस सवाल के जवाब में उम्मीदवार झूठ बोलते हैं और उसे इंटरव्यूअर के सामने जस्टिफाई नहीं कर पाते हैं। यही गलती उन पर भारी पड़ जाती है।
सटीक जवाब के लिए 3 स्टेप फॉर्मूला को अपनाएं
इस सवाल का प्रभावशाली जवाब देने के लिए, आप TPR फॉर्मूला अपना सकते हैं। अब आप सोच रहे होंगे की TPR क्या है? यहां T से मतलब सत्य, P का मतलब पॉजिटिव और R का अर्थ रिलेवेंट यानी संबंधित है।
सत्य (True): ईमानदारी सबसे अच्छी नीति है। गैप का कारण संक्षेप में और सच बताएं। चाहे वह बीमारी हो, पारिवारिक जिम्मेदारी, उच्च शिक्षा, या बस करियर ब्रेक।
सकारात्मक (Positive): ब्रेक के सकारात्मक पहलू पर जोर दें। बताएं कि आपने उस समय का उपयोग कैसे किया। उदाहरण के लिए, आपने कोई नया स्किल सीखा, फ्रीलांसिंग की, या किसी सामाजिक कार्य में योगदान दिया।
संबंधित (Relevant): अपने ब्रेक को उस पद से जोड़ें जिसके लिए आप इंटरव्यू दे रहे हैं। बताएं कि आपके ब्रेक ने आपको इस भूमिका के लिए कैसे बेहतर बनाया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - इंटरव्यू में 'What Are Your Goals For the Future' सवाल का कैसे दें सटीक जवाब?
इंटरव्यू के लिए सैंपल आंसर
"मैंने [इस तारीख] से [इस तारीख] तक पारिवारिक कारणों से करियर ब्रेक लिया था। उस समय का उपयोग मैंने न केवल अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों को निभाने के लिए किया, बल्कि खुद को प्रोफेशनल रूप से भी अपडेट रखा। मैंने [नया स्किल/कोर्स] का एक ऑनलाइन कोर्स पूरा किया और फ्रीलांसिंग के जरिए व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। यह अनुभव मुझे इस [नई भूमिका] में [संबंधित स्किल] का बेहतर उपयोग करने में मदद करेगा।"
इंटरव्यू के दौरान इन गलतियों से बचें
इंटरव्यू के दौरान जितना जरूरी है उतना ही बोले। बहुत अधिक व्यक्तिगत विवरण न दें। बात को संक्षिप्त और प्रोफेशनल रूप दें। इस सवाल का जवाब देते हुए डिफेंसिव होने की बजाए आत्मविश्वास के साथ जवाब दें। बस कुछ समय के लिए ब्रेक लिया था" जैसे अस्पष्ट उत्तर देने से बचें, क्योंकि यह आपकी योग्यता पर सवाल खड़े कर सकते हैं।
