दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने 2025-26 शैक्षणिक सत्र में दाखिला लेने वाले अंडरग्रेजुएट छात्रों के लिए प्रमोशन नियम में एक बार के लिए बदलाव किया है। विश्वविद्यालय के नए नोटिफिकेशन के मुताबिक, जिन छात्रों ने एक साल की पढ़ाई पूरी कर ली है, उन्हें अगले वर्ष में जाने के लिए 44 में से कम से कम 28 क्रेडिट हासिल करने की शर्त से छूट दी गई है। यह राहत केवल 2025-26 बैच के लिए लागू होगी। इसके बाद दाखिला लेने वाले छात्रों पर यह छूट लागू नहीं होगी।
Delhi University ने बदला प्रमोशन नियम, 2025-26 बैच के छात्रों को मिली बड़ी राहत
पहले क्या था नियम?
DU ने NEP UGCF-2022 के तहत 2025-26 बैच से प्रमोशन के लिए 44 में से कम से कम 28 क्रेडिट हासिल करने का नियम लागू किया था। जुलाई 2025 में जारी अधिसूचना में DU ने इस व्यवस्था को अगले वर्ष में प्रमोशन से जोड़ा था। बाद में सितंबर 2025 में DU ने स्पष्ट किया था कि यह नियम 2025-26 से दाखिला लेने वाले छात्रों पर लागू होगा।
अब DU ने 2025-26 बैच के लिए इस खास शर्त में एक बार की छूट दी है। हालांकि, पहले जारी नोटिफिकेशन की बाकी शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी।
छात्रों और शिक्षकों के बीच उठे सवाल
DU के इस फैसले पर कुछ शिक्षकों का कहना है कि छात्रों के तीसरे सेमेस्टर में पहुंचने के बाद प्रमोशन के नियम में बदलाव किए जाने की टाइमिंग पर स्थिति साफ होनी चाहिए। उनका यह भी सवाल है कि इस छूट की जरूरत किन परिस्थितियों में महसूस हुई।
दिल्ली यूनिवर्सिटी टीचर्स फेडरेशन से जुड़े कुछ शिक्षकों ने फैसले के कारण और इसके परीक्षा व्यवस्था पर असर को लेकर चिंता जताई है। हालांकि, विश्वविद्यालय के ताजा नोटिफिकेशन में इस एक बार की छूट की वजह या विशेष परिस्थितियों का विस्तार से उल्लेख नहीं किया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: CBSE Class 10: 33% पासिंग नियम पर बोर्ड ने दी सफाई, जानें 80+20 का पूरा हिसाब
