Delhi Government English Medium School: अब दिल्ली के सरकारी स्कूल प्राइवेट स्कूलों को टक्कर देंगे। हाल ही में दिल्ली सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 से एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए सभी सरकारी स्कूलों की हर कक्षा में कम से कम एक इंग्लिश मीडियम सेक्शन शुरू करने का निर्देश जारी किया है। शिक्षा निदेशालय (DoE) द्वारा जारी इस सर्कुलर के अनुसार, छात्रों की इच्छा और योग्यता के आधार पर उन्हें इंग्लिश मीडियम सेक्शन में प्रवेश दिया जाएगा।
अब सभी सरकारी स्कूलों की हर कक्षा में होगी इंग्लिश मीडियम सेक्शन (फोटो आभार: iStock
शिक्षा विभाग द्वारा यह निर्णय अभिभावकों की मांग पर लिया गया है। इससे छात्रों को भविष्य में उच्च शिक्षा और तकनीकी क्षेत्रों में लाभ मिलेगा। स्कूलों को इंग्लिश में किताबें और स्टडी मटेरियल उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। साथ ही यह बदलाव स्कूल के रिकॉर्ड और सरकारी पोर्टल पर भी दर्ज होगा। अधिकारियों को नियमों के पालन की जिम्मेदारी दी गई है।
हर कक्षा में एक इंग्लिश मीडियम का सेक्शन
बता दें अभी तक केवल सर्वोदय स्कूलों में ही अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं चलती रही हैं। हालांकि निदेशालय का मानना है कि उच्च शिक्षा के लिए सरकारी स्कूलों में भी इंग्लिश सेक्शन का होना बेहद जरूरी है। इसे देखते स्कूल के प्रधानाचार्य या प्रमुख को यह निर्देश दिया गया है कि सभी क्लास में एक सेक्शन अंग्रेजी मीडियम का होना जरूरी है।
सभी विषय अंग्रेजी में पढ़ाए जाएंगे
यहां क्षेत्रीय भाषाओं को छोड़कर सभी विषय अंग्रेजी में पढ़ाए जाएंगे। साथ ही इंग्लिश मीडियम सेक्शन के लिए उपयुक्त शिक्षण सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। इस निर्णय को सभी स्कूल रिकॉर्ड और UDISE पोर्टल पर उचित रूप से दर्शाना होगा। इसके अलावा निदेशालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्कूलों की तरफ से इंग्लिश मीडियम का सेक्शन ठीक से संचालित किया जा रहा है या नहीं इसकी निगरानी भी की जाएगी। इसके लिए सभी जिला और जोन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
