'पढ़ने से भला होगा तेरा' किसी जमाने में एक विज्ञापन की लाइन थी, लेकिन अब ये लाइन दिल्ली के सरकारी स्कूलों पर फिट बैठती है। दरअसल, दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने की संस्कृति (Reading Culture) को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। शिक्षा निदेशालय (Directorate of Education) ने सभी सरकारी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे छात्रों के लिए हर दिन 30 मिनट का रीडिंग सेशन आयोजित करें। यह फैसला राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत लिया गया है, जिसका उद्देश्य बच्चों में किताबें पढ़ने की रुचि विकसित करना और उनकी भाषा, समझने की क्षमता तथा सोचने की शक्ति को बेहतर बनाना है।
Delhi Schools: दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने की आदत बढ़ाने की पहल, रोज 30 मिनट होगा रीडिंग सेशन (Image - chatGPT)
क्या होंगे नए नियम?
शिक्षा विभाग की ओर से जारी सर्कुलर के अनुसार स्कूलों को नई एक्टिविटीज करानी होंगी।
- प्राथमिक कक्षाओं के लिए रोज 30 मिनट का रीडिंग पीरियड अनिवार्य होगा।
- हर कक्षा में रीडिंग कॉर्नर बनाया जाएगा।
- लंच ब्रेक के दौरान भी स्कूल लाइब्रेरी खुली रहेगी, ताकि छात्र किताबें पढ़ सकें।
- शिक्षक रीडिंग के दौरान छात्रों के साथ बैठकर पढ़ाई में उनकी मदद करेंगे।
- सिर्फ पढ़ना ही नहीं, होंगी कई रोचक गतिविधियां
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: UPPSC Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में बड़ी भर्ती के लिए रहें तैयारी, 1154 असिस्टेंट प्रोफेसर का विज्ञापन जल्द
छात्रों में पढ़ने की रुचि बढ़ाने के लिए पूरे साल अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जैसे:
- सप्ताह में दो बार बुक डिस्कशन (Book Talk)।
- स्टोरी टेलिंग (कहानी सुनाने) एक्टिविटीज।
- किताबों की समीक्षा (Book Review) लिखना।
- पढ़कर सुनाने (Read Aloud) के सत्र।
- हर महीने रीडिंग असेंबली का आयोजन।
- समय-समय पर बुक एग्जीबिशन, रीडिंग चैलेंज और रीडिंग फेस्टिवल।
इसके अलावा, कुछ छात्रों को "रीडिंग एंबेसडर" भी बनाया जाएगा, जो अपने साथियों को किताबें पढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
अभिभावकों की भी होगी भूमिका
दिल्ली सरकार ने सिर्फ स्कूलों ही नहीं, बल्कि अभिभावकों को भी इस अभियान से जोड़ने की योजना बनाई है। हर तीन महीने में पेरेंट्स रीडिंग वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। परिवारों को सलाह दी गई है कि वे रोज कम से कम 10 मिनट बच्चों के साथ बैठकर किताब पढ़ें। इससे बच्चों में घर और स्कूल दोनों जगह पढ़ने की आदत विकसित होगी।
लाइब्रेरियन की जिम्मेदारी भी बढ़ी
- सर्कुलर के अनुसार स्कूल लाइब्रेरियन को भी कई नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
- नई आने वाली किताबों को प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करना।
- हर छात्र को हर सप्ताह कम से कम दो किताबें जारी करना।
- छात्रों के पढ़ने का रिकॉर्ड तैयार रखना।
- ऐसे छात्रों की पहचान करना जो किताबें पढ़ने में रुचि नहीं लेते और उन्हें व्यक्तिगत रूप से प्रेरित करना।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: RVUNL Vacancy 2026: राजस्थान बिजली विभाग में 2005 नौकरियां, कल करें कर सकेंगे आवेदन
स्कूलों में होगी निगरानी
शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि इन निर्देशों के पालन की समीक्षा स्कूल निरीक्षण और मासिक बैठकों के दौरान की जाएगी। सभी स्कूल प्रमुखों (Head of Schools) को इन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
क्यों है यह पहल महत्वपूर्ण?
विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित रूप से किताबें पढ़ने से बच्चों की भाषा क्षमता, शब्दावली, कल्पनाशक्ति, आत्मविश्वास और समझने की क्षमता बेहतर होती है। यही वजह है कि दिल्ली सरकार ने पढ़ाई को सिर्फ पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखते हुए बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए यह नई पहल शुरू की है।
(पीटीआई से इनपुट)
